कराची: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बायें हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के लिये विशेष मामले में ब्रिटेन का वीजा हासिल करने की कोशिश में जुटा है ताकि वह टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर जा सके । पीसीबी सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष शहरयार खान और अन्य आला अधिकारियों ने कानूनी सलाहकारों से बात की है और वे इंग्लैंड तथा वेल्स क्रिकेट बोर्ड और ब्रिटिश उच्चायोग से संपर्क में हैं।
एक सूत्र ने कहा , बोर्ड चाहता है कि आमिर इंग्लैंड दौरे पर पूरी श्रृंखला खेले लेकिन इस राह में आने वाली अड़चनों का भी उसे इल्म है क्योंकि ब्रिटेन में आव्रजन कानून काफी कड़े हैं। ब्रिटिश आव्रजन कानून के तहत ब्रिटिश जेल में सजा काट चुका या वहां से निकाला गया कोई व्यक्ति सजा के कम से कम दस साल तक वहां का वीजा नहीं पा सकता । सूत्र ने कहा , बोर्ड ने सलमान बट और मोहम्मद आसिफ को वीजा मिलने की उम्मीद छोड़ दी है लेकिन आमिर के बैकग्राउंड और उसकी उम्र को देखते हुए उसे रियायत मिलने की उम्मीद है।
इस बीच फिटनेस फिटनेस साबित करने के लिये जूझ रहे हैं शीर्ष पाकिस्तानी क्रिकेटर। टी20 कप्तान सरफराज अहमद और उमर अकमल समेत पाकिस्तान के कई शीर्ष क्रिकेटर ट्रेनर ग्रांट लुडेन द्वारा तय जरूरी फिटनेस स्तर को पाने में नाकाम रहे हैं । अन्य खिलाड़ी जो फिटनेस मानदंडों पर खरे नहीं उतर सके हैं, उनमें शोएब मकसूद, स्पिनर सईद अजमल और जुल्फिकार बाबर हैं । पीसीबी के एक अधिकारी ने कहा , पाकिस्तानी टीम के फिटनेस ट्रेनर ग्रांट लुडेन और उनकी टीम ने फिटनेस टेस्ट के लिये अंक व्यवस्था शुरू की है और खिलाडि़यों को फिटनेस टेस्ट में खरे उतरने के लिये 17 अंक पाना जरूरी है । हमारे कुछ खिलाड़ी उस स्तर तक नहीं पहुंच सके हैं। उन्होंने कहा कि अनुबंधित खिलाडि़यों को तीन महीने के भीतर लक्ष्य हासिल करने के लिये कहा गया है । जो ऐसा करने में नाकाम होते हैं , उन पर जुर्माना लगाया जायेगा और जो हासिल कर लेते हैं, उन्हें आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा।