पर्थ: भारतीय क्रिकेट टीम ने रोहित शर्मा (नाबाद 171) और विराट कोहली (91) की शानदार पारियों की मदद से वेस्टर्न आस्ट्रेलिया क्रिकेट एसोसिएशन (वाका) मैदान पर मंगलवार को जारी पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज के पहले मुकाबले में आस्ट्रेलिया के सामने 310 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 3 विकेट पर 308 रन बनाए। यह आस्ट्रेलिया में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले भारत ने ब्रिस्बेन में 2004 में चार विकेट पर 303 रन बनाए थे।
अपने करियर में चौथी बार 150 रनों से अधिक की पारी खेलने वाले रोहित ने और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए शानदार 207 रनों की साझेदारी की। रोहित की 163 गेंदों की पारी में 13 चौके और साथ छक्के शामिल हैं।
कोहली ने 97 गेंदों का सामना कर नौ चौके और एक छक्का लगाया। विराट अपने करियर के 24वें शतक से चूक गए। यह उनके करियर का 35वां अर्धशतक है। रोहित ने करियर का नौवां शतक लगाया। यह आस्ट्रेलिया में उनका तीसरा और इस टीम के खिलाफ चौथा शतक है। वह आस्ट्रेलिया के खिलाफ 200 रनों की पारी भी खेल चुके हैं।
शिखर धवन नौ रन बना सके जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 18 रन बनाए। रवींद्र जडेजा 10 रनों पर नाबाद लौटे। आस्ट्रेलिया की ओर से जेम्स फॉल्कनर ने दो विकेट लिए जबकि जोस हाजलेवुड को एक सफलता मिली।
भारत ने अपने सलामी बल्लेबाज धवन का विकेट 36 के कुल योग पर गंवा दिया था। इसके बाद रोहित और धवन ने 37.5 ओवर की बल्लेबाजी में 5.47 के औसत से रन बटोरे।
कोहली अपने शतक से नौ रन दूर रहते हुए फॉल्कनर की गेंद पर एरॉन फिंच के हाथों लपके गए। कोहली ने की विदाई के बाद कप्तान ने खुद को प्रोमोट किया और चौथे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए आए।
कप्तान ने भी खुलकर हाथ दिखाए। वह हालांकि लम्बी पारी नहीं खेल सके लेकिन रोहित के साथ उन्होंने तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों पर 43 रन जोड़े। धौनी ने 13 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया।
धौनी के जाने के बाद जडेजा ने रोहित के साथ 23 रनों की नाबाद साझेदारी की। यह साझेदारी 10 गेंदों पर हुई। जडेजा ने पांच गेंदों पर एक चौका लगाया।
भारत की ओर से इस मैच में तेज गेंदबाज बरिंदर बालबीर सिंह सरन पदार्पण कर रहे हैं। कप्तान धौनी ने बरिंदर को भारतीय टीम की टोपी प्रदान की।
दूसरी ओर, आस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज जोएल पेरिस और स्कॉट बोलैंड पदार्पण कर रहे हैं।