बेंगलुरु: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 10वें संस्करण में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर का कहना है कि चैम्पियंस ट्रॉफी में खेलने के लिए IPL खेलना स्वार्थ होगा। गंभीर ने कहा कि उनके मन में ऐसा कुछ नहीं है ना ही वह ऐसा कुछ सोच कर कोलकाता के लिए IPL में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यह खुदगर्जी होगी और वह ऐसे नहीं है।
एक अंग्रेजी वेबसाइट को दिए बयान में गंभीर ने कहा कि टी-20 फॉर्मैट में अच्छा प्रदर्शन करना वनडे फॉर्मैट के लिए टीम के चयन हेतु आपको योग्य साबित नहीं करता, क्योंकि ये दोनों प्रारूप अलग-अलग हैं। गंभीर ने कहा, ‘मैं इस बात पर निश्चित तौर पर सहमत हूं कि टी-20 का अच्छा प्रदर्शन आपके लिए वनडे टीम के चयन के रास्ते नहीं खोलता। अगर आप इस प्रकार से टीम का चयन करना शुरू करेंगे, तो इससे 50 ओवरों वाले घरेलू प्रतियोगिता की कोई मान्यता नहीं रह जाएगी।’ IPL के इस सीजन नें दूसरे सबसे अधिक स्कोर हासिल करने वाले गंभीर ने अब तक खेले गए 11 मैचों में 411 रन बनाए हैं। इसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं।
इस पर गंभीर ने कहा कि यह गलतफहमी है लोगों की, जो यह सोच रहे हैं कि वह भारतीय टीम में शामिल होने के लिए ऐसा कर रहे हैं। वह वर्तमान में अच्छे प्रदर्शन के लिए कड़ी मेहनत करने वाले खिलाड़ियों में से हैं। उन्होंने कहा, ‘जिस वक्त मैं चैम्पियंस ट्रॉफी को ध्यान में रखकर IPL में रन बनाने के बारे में सोचूंगा, उस पल में स्वार्थी कहलाउंगा। एक कप्तान होने के नाते आप ऐसा नहीं कर सकते। अगर मैं इस बारे में सोचना शुरू कर दूंगा, तो कोलकाता टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो इस बारे में सोचना शुरू कर देंगे। यह सही नहीं। आपको हमेशा वर्तमान में रहना चाहिए। यह सब अपने आप होती हैं और अगर नहीं भी होती, तो भी ठीक है। मैं चयन के लिए नहीं, बल्कि मैच में जीत के लिए खेलता हूं।’