कोलंबो: भारत के मुख्य कोच रवि शास्त्री का मानना है कि विराट कोहली की कप्तानी वाली मौजूदा टीम ने अतीत की उन कई टीमों से अधिक उपलब्धियां हासिल की है जिनमें बड़े बड़े नाम शामिल थे। शास्त्री ने कहा कि यह भारतीय टीम दो साल से साथ है और अब काफी अनुभवी हो चुकी है, इसने बहुत कुछ ऐसा कर लिया है जो अतीत की भारतीय टीमें और कई बड़े नाम अपने कैरियर में नहीं कर सके। मसलन श्रीलंका में 2015 में श्रृंखला जीतना। कोहली की अगुवाई वाली टीम ने 2015 में 22 साल बाद यहां टेस्ट श्रृंखला जीती थी ।
शास्त्री ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भारत के कई बड़े खिलाड़ी यहां 20 साल से खेलते आ रहे हैं और कई बार श्रीलंका आये होंगे लेकिन कभी यहां श्रृंखला नहीं जीत सके। इस टीम ने वह कर दिखाया है। इस टीम ने ऐसा बहुत कुछ किया है जो पहले कई भारतीय टीमें नहीं कर सकी और वह भी विदेश में।
शास्त्री का यह बयान हालांकि विवादित है क्योंकि राहुल द्रविड़ की अगुवाई में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 2007 में इंग्लैंड में 1-0 से हराया था। इससे पहले सौरव गांगुली की टीम ने आस्ट्रेलिया से 2004 में 1-1 से ड्रा खेला था। इसके अलावा नासिर हुसैन की इंग्लैंड टीम से 2002 में ड्रा खेला था। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम ने न्यूजीलैंड को 2009 में 1-0 से हराया और दक्षिण अफ्रीका से 2011 में 1-1 से ड्रा खेला।
शास्त्री ने बतौर कप्तान कोहली के बढते कद की तारीफ करते हुए कहा कि वह अभी युवा है लेकिन मुझो बतौर कप्तान उसके पहले टेस्ट से अब तक काफी फर्क नजर आ रहा है। जब उसने एडीलेड में पहले टेस्ट में कप्तानी की थी तब मैं वहां था और अब तक 27 टेस्ट में कप्तानी कर चुका है। फर्क आप देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह परिपक्व हो गया है और आगे भी सीखता रहेगा। इस उम्र में वह काफी कुछ कर चुका है और आगे भी बहुत कुछ हासिल करना है।
शास्त्री ने कहा कि यह उनके लिये नयी शुरूआत है और वह पिछली बातों को लेकर नहीं आये हैं। उन्होंने कहा, मैं बीती बातों को साथ लेकर नहीं आया हूं। मेरे लिये ड्रेसिंग रूम में आना वैसा ही था जैसा मैं छोड़कर गया था। कुछ भी नहीं बदला है और मुझो कोई खास बटन नहीं दबाना पड़ा।
कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम अगले साल दक्षिण अफ्रीका , इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया का दौरा करेगी ।
उन्होंने कहा, अभी हमें आगे काफी क्रिकेट बाहर खेलना है और यह एक मौका है। मुझे उम्मीद है कि यह टीम ऐसी चीजें कर सकेगी जो किसी और भारतीय टीम ने नहीं की हैं।
उन्होंने कहा , मैं ज्यादा आगे की नहीं सोचता । वर्तमान में जीता हूं । हमने श्रीलंका पर बढत बना ली है और हर मैच में हम जीत के इरादे से उतरेंगे ।