रांची: भारतीय सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने शनिवार को कहा कि शतकवीर चेतेश्वर पुजारा की दबाव झेलने की काबिलियत से अन्य बल्लेबाजों के लिए अपना नैसर्गिक खेल खेलने में आसानी हो जाती है। पुजारा ने पूरे दिन बल्लेबाजी की और वह 130 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं जिससे भारत ने तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप तक 6 विकेट गंवाकर 360 रन बना लिए और वह ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के 451 रन से 91 रन से पिछड़ रही है।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पुजारा की तारीफों के पुल बांधते हुए विजय ने कहा, ‘पुजारा काफी दबाव लेते हैं। उनका खेल इस तरह का है कि आप उन पर निर्भर रह सकते हैं और अपने नैसर्गिक अंदाज में खेल सकते हैं। यह साथ ही साथ चलता है। हम दोनों ही अच्छी फॉर्म में हैं इसलिए टीम को मदद मिली।’ विजय और पुजारा ने पहले सत्र में दूसरे विकेट के लिये 102 रन जोड़े और आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी का डटकर सामना किया। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि अभी मैच में बराबरी का मौका है। अगर हम लक्ष्य के करीब पहुंच गए और संभव हो सका तो हमने बढ़त बढा ली तो यह अच्छा मैच होगा। सच कहूं तो वे काफी कसी गेंदबाजी कर रहे थे। मेरे और पुजारा के बीच में इस बारे में बात भी हुई।’
विजय ने कहा, ‘हम जानते थे कि अगर हम दबाव बना देंगे तो हम दूसरे और तीसरे सत्र में काफी रन जुटा सकते हैं। यह हमारी सोच थी। और यह अच्छी भी रही। अगर मैं आउट नहीं हुआ होता तो हम शायद बेहतर स्थिति में हो सकते थे।’ तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने अपने वापसी मैच में 59 रन देकर 4 विकेट झटके। विजय ने कहा, ‘वह सचमुच काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। वह शुरूआती स्पेल में काफी तेज थे। इसलिए वह एक ही लाइन में गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन जैसे ही विकेट गिरा, उनमें उर्जा भर गई। इसलिए हमारे लिए यह चुनौती थी।’