विशाखापत्तनमः कप्तान मुरली विजय (59) और गुरकीरत सिंह (51) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने शनिवार को डॉ. वाई. एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग के नौवें संस्करण के 53वें मैच में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के सामने 173 रनों का लक्ष्य रखा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। मुरली और हाशिम अमला (30) ने पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। पहला विकेट अमला के रूप में गिरा। मुरली ने 41 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाए।
अमला के पवेलियन लौटने के बाद कप्तान का साथ देने आए रिद्धिमान साहा कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और तीन रन बनाकर ही आउट हो गए। इसके बाद गुरकीरत और मुरली ने तीसरे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की। गुरकीरत ने 30 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और तीन छक्के जड़े।
इसे भी पढ़ेः IPL: बेंगलूर-दिल्ली के बीच भिडंत होगी नाकआउट की तरह
टीम को अपनी मंझी हुई पारी की बदौलत मजबूत शुरुआत देने के बाद मुरली का विकेट 123 रनों के कुल योग पर गिरा। चौथा विकेट गुरकीरत के रूप में गिरा, जिसके बाद टीम को संभलने का मौका नहीं मिला। पुणे के लिए रविचंद्रन अश्विन ने चार विकेट चटकाए जबकि अशोक डिंडा, तिसिरा परेरा और एडम जाम्पा ने एक-एक विकेट लिए।