मेलबर्न: भारतीय आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आज कहा कि वह उन पर हमला करने की आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की रणनीति से विचलित नहीं हैं चूंकि उनके पास इसका सामना करने और विकेट लेने की क्षमता है। अश्विन ने दूसरे T-20 मैच से पहले कहा, यह बल्लेबाजों का टूर्नामेंट रहा है लिहाजा आपको अपने बेसिक्स पर अडिग रहना होता है। जब मैने वापसी की तब मैं आत्मविश्वास से भरा था और मैने अपनी रणनीति बना रखी थी। मेरे पास सर्कल के बाहर भी एक अतिरिक्त फील्डर था जिसका बड़ा फायदा मिला।
पहले T-20 में आरोन फिंच द्वारा उन्हें निशाना बनाये जाने के बारे में पूछने पर अश्विन ने कहा, यदि उनके पास लाइसेंस है तो मेरे पास भी विकेट लेने का लाइसेंस है। ऐसा नहीं है कि उनके आफ स्पिनर पर रन नहीं बने हैं। उसने 80 रन दिये और इस श्रृंखला में ऐसा ही होता आया है। हर किसी की गेंद पर रन पड़े हैं।
अश्विन ने तीन मैचों के ब्रेक के बाद वापसी की और आशीष नेहरा के साथ गेंदबाजी का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ गेंदबाजी की और 28 रन देकर दो विकेट लिये।
उन्होंने कहा, मैने पहले ओवर में अच्छी गेंदबाजी की। मेरी गेंदबाजी में कोई खराबी नहीं थी हालांकि काफी रन दिये। वनडे श्रृंखला में भी नाथन लियोन और केन रिचर्डसन ने भी 70 या ज्यादा रन दिये लिहाजा यह विकेट लेने और अच्छी गेंदबाजी करने का आत्मविश्वास बनाये रखने की बात है।