कोलंबो: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने रविंद्र जडेजा की उनकी ऑलराउंड क्षमता के लिए जमकर तारीफ करते हुए कहा कि सौराष्ट्र का यह क्रिकेटर बेशकीमती है और विशेषकर टेस्ट टीम में संतुलन पैदा करता है। जडेजा ने दूसरे टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी में नॉटआउट 70 रनों की पारी खेली और फिर श्रीलंका की दूसरी पारी में 5 विकेट लिए। भारत ने यह मैच पारी और 53 रन से जीता।
कोहली ने जडेजा के बारे में बात करते हुए कहा, ‘ऐसे खिलाड़ी कम होते हैं जो दोनों विभाग में महारत रखते हैं। इसलिए हम मानते हैं कि वह बेशकीमती हैं विशेषकर टेस्ट मैचों में जहां वह बहुत अच्छा संतुलन पैदा करते हैं। जडेजा खेल के किसी भी चरण में तेजी से 60 से 70 रन बना सकते हैं और इससे वास्तव में मैच का पासा पलट सकते हैं। लॉर्ड्स को याद करिए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धर्मशाला को याद करिए। ये महत्वपूर्ण पारियां थी। मोहाली में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 90 रन बनाए थे।’
कोहली ने कहा, ‘उनमें योग्यता है और उन्हें उस पर विश्वास है। उन्होंने पिछले एक साल में अपनी बल्लेबाजी पर कड़ी मेहनत की है। वह इतनी अधिक गेंदबाजी करता है कि बाकी चीजें पीछे छूट जाती हैं लेकिन अब वह उनमें भी आगे बढ़ रहे हैं।’