1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जडेजा की वापसी तय, शमी, ईशांत और विजय भी दौड़ में

जडेजा की वापसी तय, शमी, ईशांत और विजय भी दौड़ में

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 18, 2015 01:53 pm IST,  Updated : Dec 18, 2015 01:53 pm IST

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में संपन्न टेस्ट श्रृंखला में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले रविंद्र जडेजा का आस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे के लिये भारतीय टीम में चयन तय लग रहा है जिसका ऐलान कल राष्ट्रीय चयनकर्ता यहां करेंगे।

Jadeja Ishant- India TV Hindi
Jadeja Ishant

नयी दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में संपन्न टेस्ट श्रृंखला में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले रविंद्र जडेजा का आस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे के लिये भारतीय टीम में चयन तय लग रहा है जिसका ऐलान कल राष्ट्रीय चयनकर्ता यहां करेंगे। भारतीय टीम 12 जनवरी से शुरू हो रहे आस्ट्रेलिया दौरे पर पांच वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगी। तीन अन्य खिलाडि़यों पर नजरें होंगी जिनमें फिट हो चुके तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, सीनियर तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा और अनुभवी बल्लेबाज मुरली विजय भी हैं।  विजय तमिलनाडु के लिये वनडे में मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर रहे हें और खराब फार्म से जूझ रहे शिखर धवन की जगह पारी का आगाज भी कर सकते हैं।

चयनकर्ता आईसीसी टी20 विश्व कप को ध्यान में रखकर टीम का चयन करेंगे हालांकि कम से कम 12 खिलाड़ी तो तय हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 23 विकेट लेने के साथ 109 रन बनाने वाले जडेजा छह महीने बाद वनडे टीम में लौटेंगे। उन्हें आर अश्विन के साथ दूसरे स्पिनर के तौर पर अक्षर पटेल पर तरजीह मिल सकती है। ईशांत शर्मा ने भी टेस्ट मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है जिन्हें एक साल बाद जगह मिल सकती है । र्दशांत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे श्रृंखला में भी चुना गया था लेकिन हैमस्टि्रंग चोट के कारण वह बाहर रहे। मोहम्मद शमी पर भी सभी की नजरें होंगी जिन्होंने विश्व कप के बाद घुटने का आपरेशन कराके विजय हजारे ट्राफी में वापसी की है। अभी तक दो मैचों में उन्होंने तीन विकेट लिये हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे श्रृंखला में भारतीय गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन को देखते हुए शमी की वापसी से तेज आक्रमण मजबूत होगा । उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार और मोहित शर्मा भी दौड़ में हैं। तीसरे स्पिनर को शामिल करने पर बहस हो सकती है और इसमें हरभजन सिंह, पटेल और अमित मिश्रा में मुकाबला होगा। हरभजन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे श्रृंखला में 5 . 30 की औसत से चार मैचों में छह विकेट लिये थे। तेज गेंदबाज हरफनमौला के अभाव में स्टुअर्ट बिन्नी को फिर मौका दिया जा सकता है। बल्लेबाजी क्रम लगभग तय है जिसमें धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना और धोनी का चुना जाना तय है। यदि 16 सदस्यीय टीम होती है तो गुरकीरत सिंह मान अतिरिक्त बल्लेबाज हो सकते हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल