मेलबर्न: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने रविवार को पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए टीम का असिस्टेंट कोच नियुक्त किया। ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच 17 से 22 फरवरी के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इस सीरीज का पहला मैच 17 फरवरी को मेलबर्न में, दूसरा मैच 19 फरवरी को विक्टोरिया और तीसरा मैच 22 फरवरी को एडिलेड में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया टीम के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर और असिस्टेंट कोच जेसन गिलेस्पी के साथ पोंटिंग टीम का नेतृत्व करेंगे। सीए ने एक बयान जारी कर कहा कि गिलेस्पी, लैंगर और पोंटिंग को भारत के खिलाफ 23 फरवरी से खेले जाने वाली 4 मैचों की टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए साथ लाया गया है।
पोंटिंग ने कहा, ‘मैंने हमेशा से कहा है कि जब मैं संन्यास लूंगा तो क्रिकेट में फिर से शामिल होना चाहूंगा। इससे बेहतर वापसी क्या हो सकती है? मैं क्रिकेट के अपने सबसे पसंदीदा साथियों के साथ वापसी कर रहा हूं।’ पोंटिंग ने अपने करियर के दौरान 27,000 से अधिक रन बनाए हैं। पोंटिंग 1999, 2003 और 2007 में वर्ल्ड कप विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा भी रहे।
टी-20 में भी उनका अनुभव शानदार रहा है। उन्होंने कप्तान के तौर पर 2005 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टी-20 मैच खेला था और 2007 और 2009 में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान राष्ट्रीय टीम की कप्तानी भी की थी। पोंटिंग की नियुक्ति पर सीए के कार्यकारी महाप्रबंधक पेट होवर्ड ने कहा, ‘यह बेहद अच्छी खबर है कि हमने जस्टिन और जेसन के साथ श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए पोटिंग को कोचिंग टीम में शामिल किया है।’