1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वार्न की सर्वश्रेष्ठ भारतीय टेस्ट एकादश में तेंदुलकर और गांगुली

वार्न की सर्वश्रेष्ठ भारतीय टेस्ट एकादश में तेंदुलकर और गांगुली

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 16, 2015 12:27 pm IST,  Updated : Dec 16, 2015 12:27 pm IST

आस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न ने दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को चौथे नंबर के बल्लेबाज जबकि सौरव गांगुली को कप्तान के रूप में अपनी भारतीय टेस्ट एकादश में शामिल किया है।

Sachin Ganguly- India TV Hindi
Sachin Ganguly

मेलबर्न: आस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न ने दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को चौथे नंबर के बल्लेबाज जबकि सौरव गांगुली को कप्तान के रूप में अपनी भारतीय टेस्ट एकादश में शामिल किया है। वार्न अपने फेसबुक पेज पर विभिन्न देशों की अपनी टेस्ट एकादश का चयन कर रहे हैं। इस बार भारत का नंबर था। चयन का मानदंड यह है कि वार्न ने चयनित खिलाडि़यों के खिलाफ जरूर मैच खेला हो। इसमें कोई हैरानी वाली बात नहीं रही कि वार्न ने नंबर चार बल्लेबाज के रूप में विश्व में सर्वाधिक रन बनाने वाले तेंदुलकर को चुना है। पारी का आगाज करने का जिम्मा वीरेंद्र सहवाग और नवजोत सिंह सिद्धू को सौंपा गया है। उनके बाद भरोसेमंद राहुल द्रविड़ को तीसरे नंबर का बल्लेबाज बनाया गया है।

अपने करियर में 200 टेस्ट मैचों में 51 शतकों की मदद से 15,921 रन बनाने वाले तेंदुलकर का चयन तो तय था लेकिन वार्न ने कहा कि छठे नंबर के बल्लेबाज के रूप में मोहम्मद अजहरूद्दीन और वीवीएस लक्ष्मण में से किसी एक का चयन करने को लेकर वह असमंजस में थे। वार्न ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, मैंने जितनी टीमों का चयन किया उनमें यह सबसे मुश्किल थी क्योंकि मैं कुछ ऐसे दिग्गज खिलाडि़यों जैसे दिलीप वेंगसरकर, संजय मांजरेकर, रवि शास्त्री, मनोज प्रभाकर के खिलाफ भी खेला जो अपने करियर के अवसान पर थे। इसी तरह से जहीर खान जैसा वर्तमान खिलाड़ी है। उन्होंने कहा, मैंने जो भारतीय टीम चुनी है वह बहुत मजबूत है ओर उसके खिलाफ खेलना आसान नही है। मुझे जिस बल्लेबाजी स्थान के लिये सबसे अधिक माथापच्ची करनी पड़ी वह नंबर छह स्थान था जिसमें मुझे अपने दोस्त वीवीएस या अजहरूद्दीन में से किसी एक का रखना था।

वार्न ने कहा कि असमंजस की स्थिति के कारण उन्होंने भारत की 12 सदस्यीय टीम का चयन किया। उन्होंने कहा, इसलिए मैंने 12 खिलाडि़यों का चयन किया और दिन की स्थिति को देखकर 12वें खिलाड़ी का चयन करूंगा। महान आलराउंडर कपिल देव और सीमित ओवरों की टीम के वर्तमान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी वार्न की टीम में जगह बनाने में सफल रहे। धोनी ने वार्न के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेली है लेकिन उन्हें आईपीएल में एक दूसरे के खिलाफ मुकाबले के आधार पर टीम में चुना गया। वार्न की टीम में अनिल कुंबले, हरभजन सिंह और जवागल श्रीनाथ गेंदबाजी आक्रमण का जिम्मा संभालेंगे।

वार्न की सर्वश्रेष्ठ भारतीय टेस्ट एकादश इस प्रकार है: वीरेंद्र सहवाग, नवजोत सिंह सिद्धू, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली :कप्तान:, मोहम्मद अजहरूद्दीन, कपिल देव, महेंद्र सिंह धोनी, अनिल कुंबले, हरभजन सिंह, जवागल श्रीनाथ, वीवीएस लक्ष्मण: 12वां खिलाड़ी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल