एक तरफ जहां पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी को लेकर इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी उन्हें निशाना बना रहे हैं वहीं क्रिकेट के 'भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी उनके बचाव में कूद पड़े हैं।
मास्टर ब्लास्टर ने आमिर की वापसी का समर्थन करते हुए कहा है कि उन्होंने अपनी सज़ा पूरी कर ली है और अब वह इंटरनैशनल क्रिकेट में वापसी के हक़दार हैं।
आमिर को 2010 में लॉर्ड्स के मैदान पर स्पॉट फिक्सिंग का दोषी पाया गया था। इसके बाद उन पर पांच साल का बैन लगा दिया गया था और जेल भी हुई थी। अब वह छह साल बाद एक बार फिर लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने को तैयार हैं।
सचिन ने बुधवार को कहा, 'आमिर में प्रतिभा है और अगर वह इंग्लैंड दौरे पर सही लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करते हैं तो वह काफी ख़तरनाक हो सकते हैं। मेरा मानना है कि आमिर ने सज़ा पूरी कर ली है और अब वह इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं और इसमें कोई गलत बात नहीं है।'
पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने कहा, 'मैंने आमिर के कई इंटरव्यू देखे हैं, अब वह पहले से बदले हुए नजर आ रहे हैं। अब वे पहले से ज्यादा समझदार हो गए हैं और यह मैदान में भी दिखेगा।' तेज गेंदबाज आमिर की वापसी को लेकर क्रिकेट समुदाय दो गुटों में बंट गया है।
एक तरफ इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज केविन पीटरसन और ग्रीम स्वान आमिर पर बैन लगाने की बात कर रहे हैं तो दूसरी तरफ स्टुअर्ट ब्रॉड और कप्तान कुक भी आमिर के समर्थन में खुलकर बोल चुके हैं।