नई दिल्ली: पिछले दो ओलंपिक खेलों में टेनिस में सबसे अच्छा कॉम्बिनेशन न भेजे जाने की बात पर सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना ने इशारों-इशारों में लिएंडर पेस पर निशाना साधा है। दोनों खिलाड़ियों ने पेस का नाम नहीं लिया, लेकिन इनके ट्वीट्स से साफ पता चलता है कि इनके निशाने पर लिएंडर पेस ही थे। पेस ने डेविस कप में स्पेन के खिलाफ भारत की 5-0 से हार के बाद ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों की कॉम्बिनेशन को लेकर कॉमेंट किया था।
इसे भी पढ़ें: पेस ने कहा, भौंकने वालों की परवाह नहीं करता, सिर्फ टेनिस खेलता हूं
सानिया मिर्जा ने ट्विटर पर पेस का नाम लिए बिना लिखा, ‘एक जहरीले इंसान से जीतने का एक ही तरीका है, खेलो ही मत!!!’ सानिया के इस ट्वीट को सैकड़ों लोगों ने रीट्वीट किया। इन सैकड़ों में भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना भी थे जो रियो ओलंपिक खेलों में सानिया मिर्जा के मिक्स्ड डबल्स पार्टनर थे। बोपन्ना ने पहले तो सानिया के ट्वीट को रीट्वीट किया, फिर खुद भी एक संदेश लिखा। बोपन्ना ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘एक बार फिर!! खबरों में बने रहने का एक तरीका यह भी है कि अपने साथी खिलाड़ियों को मीडिया में बुरा-भला कहो।’
सानिया और बोपन्ना रियो ओलंपिक में टेनिस के मिक्स्ड डबल्स मुकाबले के सेमीफाइनल में हार गए थे और मेडल जीतने में नाकाम रहे थे। पेस ने कहा था कि भारत ने गलत टीम भेजी थी, और उनका इशारा था कि सानिया के साथ उन्हें भेजा जाना चाहिए था। बोपन्ना और पेस ने मेन्स डबल्स मुकाबला साथ-साथ खेला था और पहले ही राउंड में हारकर बाहर हो गए थे। इससे पहले 2012 के लंदन ओलंपिक में पेस और सानिया की जोड़ी मिक्स्ड डबल्स मुकाबला खेलने गई थी, हालांकि सानिया इस फैसले से खुस नहीं थीं। वह महेश भूपति के साथ जाना चाहती थीं लेकिन AITA ने इजाजत नहीं दी। बाद में यह जोड़ी दूसरे दौर के मुकाबले में हारकर बाहर हो गई थी।