इंदौर: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए वन डे सीरीज के दूसरे मैच में टीम इंडिया को पहली जीत नसीब हुई। टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 248 रनों का लक्ष्य दिया था जिसके जवाब में साउथ अफ्रीका सिर्फ 225 रन ही बना पाई।
टीम इंडिया को 22 रन से जीत हासिल हुई। इससे पहले भारतीय बल्लेबाजी में कैप्टन कूल धोनी ने 86 गेंदों में 92 रन बनाए। आपको बता दें कि साउथ अफ्रीका दौरे में 5 एकदिवसीय मैचों की सीरीज के दूसरे वन डे में टीम इंडिया ने आज टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। दूसरा वन डे इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला गया। गौरतलब है कि कानपुर में खेले गए पहले वन डे मैच में टीम इंडिया को पांच रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
धोनी ने खेली कप्तानी पारी-
आज जब रोहित शर्मा और शिखर धवन जल्दी-जल्दी आऊट हो गए तो धोनी को मोर्चा संभालना पड़ा। काफी लंबे समय बाद आज कैप्टन कूल धोनी की वो पारी देखने को मिली जिसके लिए वो जाने जाते हैं। धोनी की 92 रनों की पारी की बदौलत ही टीम इंडिया एक बेहतर स्कोर देने में सफल रही। बहरहाल इस जीत से टीम इंडिया का मनोबल काफी ऊंचा हुआ होगा।
टीम इंडिया में तीन बदलाव किए गए। अमित मिश्रा, स्टुअर्ट बिन्नी टीम के बाहर रहे जबकि अश्विन की जगह टाम में आए हरभजन सिंह और अक्षर पटेल ने 11 में जगह बनाई।
टीमें-
भारत: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), हरभजन सिंह, शिखर धवन, विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार, अक्षर पटेल, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, मोहित शर्मा, रोहित शर्मा, उमेश यादव।
दक्षिण अफ्रीका: एबी डिविलियर्स (कप्तान), हाशिम अमला, क्विंटन डिकाक, फाफ डु प्लेसिस, जेपी डुमिनी, डेविड मिलर, फरहान बहरदीन, इमरान ताहिर, डेल स्टेन, मोर्नी मोर्कल, कागिसो रबाडा।