ब्रिटेन के पत्रकार पीयर्स मॉर्गन का ओलंपिक खेलों में भारत के जश्न को लेकर किया गया ट्वीट उन्हें काफी मंहगा पड़ रहा है। दरअसल पीयर्स ने ट्वीट किया कि 1.2 बिलियन आबादी वाला देश दो हारे हुए मेडल का जश्न मना रहा है, यह कितना शर्मनाक है? लेकिन उन्हें सपने में भी गुमान न होगा कि पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग उनकी हवा निकाल देंगे।

वीरू पाजी मॉर्गन को मुंहतोड़ जवाब देते हुए लिखा, 'हम हर छोटी खुशी का जश्न मनाते हैं। इंग्लैंड ने क्रिकेट की खोज की, लेकिन अभी तक कोई वर्ल्ड कप नहीं जीता फिर भी वर्ल्ड कप में खेलता है, शर्मनाक?'

फिर मॉर्गन ने इस पर जवाबी ट्वीट करते हुए लिखा, 'बहुत शर्मनाक। लेकिन अगर केविन पीटरसन खेल रहा होता तो हम वर्ल्ड कप जीत जाते। वैसे ही जैसे हमने टी-20 वर्ल्ड कप जीता था जिसमें वो मैन ऑफ द सीरीज था।'

इस पर भी वीरू ने मॉर्गन की बोलती बंद करते हुए ट्वीट किया, 'केपी (पीटरसन) दिग्गज खिलाड़ी है। लेकिन क्या वो दक्षिण अफ्रीका में पैदा नहीं हुआ था? आपके लॉजिक के हिसाब से इंग्लैंड को 2007 वर्ल्ड कप जीतना चाहिए था। हमारे लोगों के जश्न से आपको क्या दिक्कत है।'
