1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दो दिन और इंतजार करेंगे, उसके बाद भारत-पाक सीरीज़ रद्द: PCB

दो दिन और इंतजार करेंगे, उसके बाद भारत-पाक सीरीज़ रद्द: PCB

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 10, 2015 10:50 am IST,  Updated : Dec 10, 2015 10:50 am IST

भारत और पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित क्रिकेट सीरीज़ के लिये अब समय कम बचा है और PCB ने कहा है कि यदि भारत सरकार अगले दो दिन में इसे मंजूरी नहीं देती तो इसे रद्द कर दिया जायेगा।

pcb- India TV Hindi
pcb

कराची: भारत और पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित क्रिकेट सीरीज़ के लिये अब समय कम बचा है और PCB ने कहा है कि यदि भारत सरकार अगले दो दिन में इसे मंजूरी नहीं देती तो इसे रद्द कर दिया जायेगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार खान ने कहा कि पीसीबी एक दो दिन इंतजार करेगी जिसके बाद श्रृंखला रद्द कर दी जायेगी। दोनों टीमों के बीच सीमित ओवरों की छोटी श्रृंखला इस महीने श्रीलंका में प्रस्तावित है। उन्होंने कहा, उसके बाद श्रृंखला रद्द कर दी जायेगी।

शहरयार ने कहा कि श्रृंखला के आयोजन की संभावना अब बहुत कम है क्योंकि भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस्लामाबाद में पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बैठक में इस पर बात नहीं की। उन्होंने कहा, ईमानदारी से कहूं तो इस श्रृंखला की संभावना बहुत कम है क्योंकि हमें बताया गया है कि भारतीय विदेश मंत्री और प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच मुलाकात में इस पर बात नहीं की गई। यदि श्रृंखला नहीं होती तो हमें चार से पांच करोड़ डालर का नुकसान होगा क्योंकि हमने श्रीलंका में श्रृंखला की तैयारियां शुरू कर दी थी। हमें उम्मीद थी कि भारतीय विदेश मंत्री और पाकिस्तानी अधिकारियों के बीच बातचीत में क्रिकेट क मसला भी उठेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हम निराश हैं।

शहरयार ने कहा कि पीसीबी अपनी भावी नीतियों की समीक्षा करके संचालक बोर्ड के सदस्यों को इस पर जानकारी देगा। उन्होंने कहा, भारत के खिलाफ श्रृंखला नहीं होना आर्थिक तौर पर हमारे लिये झटका है। हमें उम्मीद थी कि भारतीय बोर्ड को सरकार से मंजूरी मिल जायेगी चूंकि उन्होंने हमारे साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किये हैं। हमें बाकी श्रृंखलाओं के भविष्य के बारे में भी सोचना है। उन्होंने कहा कि मार्च में भारत में होने वाले टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी का फैसला उनकी सरकार से मंजूरी पर निर्भर होगा। सरकार ने हमें श्रीलंका में भारत के खिलाफ छोटी श्रृंखला खेलने की अनुमति दी है लेकिन अभी तक यह तय नहीं लग रहा है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल