1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दक्षिण अफ्रीका में 27 जून से दर्शकों की गैरमौजूदगी में शुरू होगा क्रिकेट

दक्षिण अफ्रीका में 27 जून से दर्शकों की गैरमौजूदगी में शुरू होगा क्रिकेट

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 11, 2020 10:18 pm IST,  Updated : Jun 11, 2020 10:18 pm IST

कोरोना वायरस महामारी के बीच दक्षिण अफ्रीका से क्रिकेट जगत के लिए अच्छी खबर आई है। दक्षिण अफ्रीका में 27 जून को शीर्ष क्रिकेटर सेंचुरियन में मैदान पर वापसी करने जा रहे हैं जो दर्शकों के बिना तीन टीमों का मैच खेलेंगे।

दक्षिण अफ्रीका में 27...- India TV Hindi
दक्षिण अफ्रीका में 27 जून से दर्शकों की गैरमौजूदगी में शुरू होगा क्रिकेट Image Source : GETTY

कोरोना वायरस महामारी के बीच दक्षिण अफ्रीका से क्रिकेट जगत के लिए अच्छी खबर आई है। दक्षिण अफ्रीका में 27 जून को शीर्ष क्रिकेटर सेंचुरियन में मैदान पर वापसी करने जा रहे हैं जो दर्शकों के बिना तीन टीमों का मैच खेलेंगे। इस मैच का प्रसारण टीवी पर किया जायेगा।

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर मार्च के मध्य से अपने घरों में कैद हैं। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी जाक फाउल ने कहा कि यह प्रस्तावित मैच चैरिटी के लिये होगा और सरकार से इजाजत मिलने पर दर्शकों के बिना ही खेला जायेगा। बोर्ड के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर शोएब मांजरा ने कहा कि मैच के लिये कड़े प्रोटोकॉल लागू रहेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘स्टेडियम बिल्कुल खाली होगा और स्टाफ में भी कम से कम लोग मौजूदा होंगे। खिलाड़ी तीन दिन पहले से जैविक सुरक्षित माहौल में रहेंगे। सेंचुरियन आने से पहले उनका कोरोना टेस्ट होगा और पांच दिन बाद भी टेस्ट कराया जायेगा।’’ मांजरा ने कहा, "स्टेडियम में सभी लोग मास्क पहनेंगे और अन्य सुरक्षा उपायों का पालन किया जाएगा।"

यदि यह मैच योजना के अनुसार आगे बढ़ता है, तो दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को जुलाई और अगस्त के अंत में वेस्टइंडीज और भारत के खिलाफ अपनी निर्धारित सीरीज की तैयारी में मददगार साबित होगा। खेल मंत्री नाथी मेथवा ने 30 मई को घोषणा की थी कि पेशेवर खेल प्रशिक्षण फिर से शुरू कर सकते हैं।

गौरतलब है कि साउथ अफ्रीका ने अपना आखिरी मैच 7 मार्च को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। ये वनडे मुकाबला मेजबान साउथ अफ्रीका 6 विकेट से जीता था। इस मैच के साथ ही साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया का वनडे सीरीज में 3-0 से सफाया कर दिया था। इसके बाद साउथ अफ्रीका की टीम 3 वनडे मुकाबले खेलने के लिए भारत पहुंची थी।

इस दौरे पर सरीज का पहला मुकाबला 15 मार्च को धर्मशाला में खेला जाना था लेकिन वह बारिश के कारण रद्द हो गया। इसके बाद जब साउथ साउथ अफ्रीकी टीम दूसरा मुकाबला खेलने के लिए लखनऊ पहुंची तो कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए पूरी सीरीज को रद्द कर दिया गया और तुंरत ही मेहमान टीम को स्वदेश लौटना पड़ा। स्वदेश लौटने के बाद कोरोना के खतरे को देखते हुए पूरी साउथ अफ्रीकी टीम और स्टॉफ को घर में 14 दिन क्वॉरंटाइन में भी बिताने पड़े थे।

(With PTI inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल