मुंबई: पूर्व सलामी बल्लेबाज गैरी कर्स्टन ने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका को पता है कि आस्ट्रेलिया में आगामी तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में मेजबान टीम को उसी की सरजमीं पर कैसे हराना है। पहला टेस्ट पर्थ में गुरूवार से खेला जाएगा जबकि बाकी दो टेस्ट होबार्ट और एडिलेड में होंगे।
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
दक्षिण अफ्रीका का 101 टेस्ट में प्रतिनिधित्व करने वाले कर्स्टन ने कहा, ''मेरा नजरिया है कि यह शानदार टेस्ट श्रृंखला होगी। दक्षिण अफ्रीका के पास आस्ट्रेलिया में तीसरी टेस्ट श्रृंखला जीतने का वास्तविक मौका है। उन्हौंने 2008 और 2012 में पिछली दो श्रृंखला जीती हैं। मैं भाग्यशाली था कि कोच के रूप में 2012 टीम का हिस्सा था। उन्हें (दक्षिण अफ्रीका को) पता है कि आस्ट्रेलिया में कैसे जीतना है।
कर्स्टन ने एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान कहा, ''संभवत: दक्षिण अफ्रीका उन कुछ टीमों में से एक है जिसे पता है कि वहां कैसे जीतना है। हमें दो शानदार गेंदबाजी आक्रमण एक दूसरे के खिलाफ खेलते हुए दिखेंगे और यह इस पर निर्भर करेगा कि कौन सी टीम बेहतर बल्लेबाजी करती है।"'
दक्षिण अफ्रीका ने हाल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ संपन्न द्विपक्षीय वनडे श्रृंखला में 5-0 से क्लीनस्वीप किया था।आस्ट्रेलिया में 2008-09 में हुई टेस्ट श्रृंखला दक्षिण अफ्रीका ने 2-1 जबकि 2012 में हुई श्रृंखला 1-0 से जीती थी।