नयी दिल्ली: पाकिस्तान के महान स्पिनर अब्दुल क़ादिर का कहना है कि इसमें कोई शक़ नहीं कि विराट कोहली इस ज़माने सबसे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ हैं लेकिन अगर उन्हें (क़ादिर) कोहली को बॉलिंग करने का मौक़ा मिलता तो वह उन्हें बांधकर रख देते।
बांग्लादेश में एशिया कप में पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ मुहम्मद आमिर ने 83 जैसे मामूली स्कोर को डिफेंड करते हुए 2.4 ओवर में 8 रन देकर तीन विकेट ले लिये थे और जीत की उम्मीद जगा दी थी लेकिन कोहली ने मोर्चा संभालते हुए शानदार 49 रन बनाए और भारत की जीत की राह आसान कर दी। इसके बाद टी20 विश्व कप में भी कोहली ने कोलकता में नाबाद 55 रन बनाकर पाकिस्तान के मंसूबों पर पानी फेर दिया था।
न्यूज़ वेबसाइट डॉन के अनुसार पाकिस्तान के महान तेज़ गेंदबाज़ वसीम अकरम का भी कहना है कि उन्हें भी कोहली को आउट करने में काफी तकलीफ होती लेकिन क़ादिर का मानना है कि स्पिनरों के अनुकूल पिच पर कोई बल्लेबाज़ रन बनाने का दावा नहीं कर सकता क्योंकि लेग स्पिनर के तरकश में कई तरह के तीर होते हैं।
किसी ज़माने में एक ओवर में छह तरह की बॉल करने वाले क़ादिर का कहना है कि अगर उन्होंने कोहली को बॉलिंग की होती तो वह सारा वक्त उन्हें ये सोचने पर मजबूर कर देते कि गुगली कब आएगी।
क़ादिर ने कहा कि वह कोहली को रन अप से चकमा देते, कभी क्रीज़ की ऐज से, कभी क्रीज़ के बीच से तो कभी स्टंप के क़रीब से बॉलिंग करते। कोहली स्पिनरों को ऑन साइड खेलना पसंद करते हैं और उनकी इसी रणनीति या आदत का वह फायदा उठाकर उनका विकेट ले लेते।
उन्होंने कहा कि वह अपने पहले ओवर में एक स्लिप और सिली पाइंट रखकर कोहली को ऑफ स्टंप पर लेग स्पिन खिलाते और कोहली गुगली का इंतज़ार करते रहते। मैने ऐसी लाइन पर बॉल की होती कि कोहली के लिए कट या ड्रइव करना मुश्किल हो जाता क्योंकि अगर वो ये शॉट खेलने की कोशिश करते तो बॉल बल्ले का किनारा लेकर स्लिप या सिली पाइंट पर चली जाती।
बहरहाल क़ादिर कोहली को आउट कर पाते या नहीं यो तो एक्सपर्ट ही बता सकते हैं लेकिन ये तो तय है कि दोनों महान खिलाड़ियों के बीच मुक़ाबला देखने लायक होता।