नयी दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सिरीज़ का दूसरा मैच स्पोर्टिंग पिच पर खेला जाएगा जो दोनों टीमों को सूट करेगी। ये कहना है बेंगलोर में मैच आयोजकों का।
ग़ौरतलब है कि पुणे में पहला मैच तीन दिन के अंदर ख़त्म हो गया था और पिच को लोकर मैच रैफरी ने ICC को ख़राब रिपोर्ट भेजी है। इस मैच में ओ कीफ़ ने 12 विकेट लिए थे और इंडिया भारी अंतर से हार गई थी। किसी अन्य विदेशी स्पिनर ने भारत में एक मैच में इतने विकेट नहीं लिए हैं।
कई लोगों का मानना है कि टर्निंग पिच बनवाना भारत के लिए उल्टा पड़ गया और भारत अब शनिवार से शुरु हो रहे दूसरे मैच में ऐसी पिच नहीं चाहेगा जब उसे सिरीज़ में बराबरी करनी है।
कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुधाकर राव ने कहा कि उन्हें पिच के मामले में भारतीय टीम की तरफ से कोई सुझाव नहीं मिला है और वे ऐसी पिच बनाने पर ध्यान दे रहे हैं जो बल्लेबाज़ और गेंदबाज़, दोनों के माक़ूल हो। “हमारा इरादा स्पोर्टिंग टेस्ट पिच बनाने का है। हम पांच दिन का मैच चाहते हैं। हम नहीं चाहते कि मैच ढाई दिन में ख़त्म हो जाए।”
राव ने कहा कि वे विकेट के नीचे कुछ नमी रखना चाहेंगे इसलिए हमने पिच पर पानी डालना बंद नहीं किया है। मैच के दो-तीन पहले तक पानी डालते रहेंगे उसके बाद देखेंगे कि पिच कैसी दिखती है।”