1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हम विश्व स्तरीय गेंदबाजी आक्रमण का सामना कर रहे हैं- नाथन लायन

हम विश्व स्तरीय गेंदबाजी आक्रमण का सामना कर रहे हैं- नाथन लायन

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 29, 2018 05:07 pm IST,  Updated : Dec 29, 2018 05:07 pm IST

‘‘हम विश्व स्तरीय गेंदबाजी आक्रमण का सामना कर रहे हैं। मैंने जो भारतीय गेंदबाजी देखी है उसमें यह सर्वश्रेष्ठ है। वे (बल्लेबाज) निराश हैं लेकिन मुझे पता है वे कितनी मेहनत कर रहे हैं। उन्हें जल्द ही सफलता मिलने वाली है।’’   

Nathan Lyon- India TV Hindi
Nathan Lyon Image Source : AP

मेलबर्न। भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट में हार की कगार पर खड़े ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर नाथन लायन ने पहली पारी में खराब प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाजों का बचाव करते हुये कहा,‘‘उन्हें जल्द ही सफलता मिलने वाली है।’’ जीत के लिए 399 रन का लक्ष्य का पीछा कर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शनिवार को चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 258 रन पर आठ विकेट गंवा दिये थे। 

उन्होंने कहा ‘‘हम विश्व स्तरीय गेंदबाजी आक्रमण का सामना कर रहे हैं। मैंने जो भारतीय गेंदबाजी देखी है उसमें यह सर्वश्रेष्ठ है। वे (बल्लेबाज) निराश हैं लेकिन मुझे पता है वे कितनी मेहनत कर रहे हैं। उन्हें जल्द ही सफलता मिलने वाली है।’’ 

भारतीय टीम ने पहली पारी सात विकेट पर 443 रन पर घोषित की थी जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 151 रन पर सिमट गयी। उन्होंने कहा,‘‘मैं आरोन फिंच का काफी बड़ा समर्थक हूं। वह मेहनत कर रहा है और नेट पर काफी समय बिता रहा है। हमने उसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में विश्व स्तरीय बल्लेबाज की तरह देखा है। वह किसी अन्य बल्लेबाज की तरह निराश है।’’ 

दूसरी पारी में भी टीम की बल्लेबाजी फ्लाप रही और एक समय टीम ने 176 रन पर सात विकेट गवां दिये थे। पैट कमिंस हालांकि एक छोर पर डटे रहे और मैच को आखिरी दिन तक खींचने में सफल रहे। उन्होंने कहा, ‘‘ वह शानदार युवा है और उससे भी बेहतर क्रिकेटर। उसे करियर में लंबा सफर तय करना है।’’ 

लियोन ने जसप्रीत बुमराह की तारीफ की जिन्होंने मैच में आठ विकेट लिए हैं और वह भारत के सबसे बेहतरीन गेंदबाज बन कर उभरे है। उन्होंने हालांकि कहा कि रविवार को अंतिम दो विकेट के लिए हम भारत से कड़ी मेहनत करवाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘बुमराह की गति काफी तेज है और वह धीमी गेंदों से काफी अच्छे से मिश्रण करता है। वह विश्व स्तरीय गेंदबाज है और उसके पास हर तरह का विकल्प है। इसलिए वह इस समय शीर्ष पर है।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल