भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का अगला मैच वेलिंग्टन में खेला जाना है। टीम इंडिया इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहती है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम अपनी पहली जीत हासिल करके सीरीज में वापसी करने की कोशिश करेगी। भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर लगातार मिल रही हार के सिलसिले को तोड़ने का भी कीवी टीम के सामने दबाव है। वेलिंग्टन के मैदान के आंकड़े न्यूजीलैंड के लिए अच्छे नहीं रहे हैं। पिछले सात सालों का प्रदर्शन न्यूजीलैंड के लिए काफी चिंताजनक रहा है।
2020 के बाद सिर्फ दो मैच जीत पाई है न्यूजीलैंड की टीम
वेलिंग्टन के हेनरी स्टेडियम में न्यूजीलैंड टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ सालों से काफी कमजोर रहा है। पिछले 6 साल यानी 2020 के बाद से कीवी टीम ने इस मैदान पर खेले गए 7 टी20 मैचों में से सिर्फ 2 में ही जीत दर्ज की है। वहीं अगर भारत के रिकॉर्ड की बात करें तो टीम इंडिया ने इस मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए 3 टी20 मैचों में से 2 में हार का सामना किया है। हालांकि, साल 2020 में खेला गया आखिरी मुकाबला भारत ने सुपर ओवर में रोमांचक तरीके से अपने नाम किया था।
वेलिंग्टन स्टेडियम के आंकड़े
वेलिंग्टन के हेनरी स्टेडियम में अब तक कुल 26 टी20 मैच खेले गए हैं। इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 12 बार और पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने 14 बार जीत हासिल की है। इस मैदान की पिच बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है, लेकिन यहां चलने वाली तेज हवाएं खिलाड़ियों के लिए काफी परेशानी खड़ी कर सकती हैं। अब देखना ये होगा कि तीसरे टी20 मैच में यहां किसका दबदबा देखने को मिलता है।
2-0 से आगे है टीम इंडिया
भारत ने इस सीरीज के दूसरे मैच में भी जीत हासिल करके पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है और अभी तीन मैच खेले जाने बाकी हैं। पिछला मैच जीतकर टीम इंडिया ने एक नया रिकॉर्ड बनाया था। भारत टी20 क्रिकेट की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 300 मैच खेल चुका है, जिसमें से उसने 200 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, 83 में हार का सामना किया है और बाकी मैच टाई या बिना किसी नतीजे के रहे। इस तरह भारत मेंस टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 मैच जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।
यह भी पढ़ें
साउथ अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट के लिए किया प्लेइंग XI का ऐलान, दो साल बाद हुई तेज गेंदबाज की वापसी
अर्शदीप सिंह दो विकेट लेकर रचेंगे इतिहास, तोड़ेंगे आयरिश गेंदबाज का बड़ा रिकॉर्ड