1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL में गुजरात लायन्स की अगुवाई करेंगे सुरेश रैना

IPL में गुजरात लायन्स की अगुवाई करेंगे सुरेश रैना

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 02, 2016 02:55 pm IST,  Updated : Feb 02, 2016 02:55 pm IST

इंडियन प्रीमियर लीग में राजकोट फ्रेंचाइजी की नयी टीम को गुजरात लायन्स के नाम से जाना जाएगा जिसके कप्तान सुरेश रैना और कोच ब्रैड हाज होंगे।

suresh raina- India TV Hindi
suresh raina

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग में राजकोट फ्रेंचाइजी की नयी टीम को गुजरात लायन्स के नाम से जाना जाएगा जिसके कप्तान सुरेश रैना और कोच ब्रैड हाज होंगे। रैना IPL की शुरूआत से लेकर चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ खेलते रहे हैं लेकिन लोढ़ा समिति ने इस फ्रेंचाइजी के अलावा राजस्थान रायल्स को भी दो साल के लिये निलंबित कर दिया था जिसके कारण बीसीसीआई ने इस टी20 टूर्नामेंट से दो नयी टीमें जोड़ी।

अब तक आईपीएल में अपनी फ्रेंचाइजी टीम की तरफ से हर मैच में खेलने वाले बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने टीम, कप्तान और कोच के नाम की घोषणा के लिये आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, यह साल बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। यह गुजरात की टीम है और हमें उम्मीद है कि गुजरात के लोगों का इस भरपूर समर्थन मिलेगा।

राजकोट की टीम ने दिसंबर में खिलाडि़यों के ड्राफ्ट में रैना को सर्वाधिक कीमत पर लिया था। उनके अलावा टीम ने भारतीय आलराउंडर रविंद्र जडेजा, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम, वेस्टइंडीज के आलराउंडर ड्वेन ब्रावो और आस्ट्रेलिया के आलराउंडर जेम्स फाकनर को भी अपनी टीम से जोड़ा था। टीम के बाकी सदस्य छह फरवरी को होने वाली आईपीएल नीलामी में खरीदे जाएंगे।

हाज इससे पहले कोलकाता नाइटराइडर्स, कोच्चि टस्कर्स केरला और राजस्थान रायल्स से खिलाड़ी के रूप में जुड़े रहे हैं। हाज के अलावा टीम ने इस पद के लिये दक्षिण अफ्रीका के गैरी कस्र्टन से भी बात की थी जिन्हें हाल में दिल्ली डेयरडेविल्स के कोच पद से हटाया गया था। हाज ने पहले IPL नीलामी के लिये अपना नाम भी भेजा था और उन्होंने अपना आधार मूल्य 50 लाख रूपये रखा था लेकिन पिछले सप्ताह उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था।

राजकोट फ्रेंचाइजी ने इसके साथ ही नये लोगो भी जारी किया। यह सुनहरे, पीले और लाल रंग का गरजता शेर है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल