1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सिडनी T-20: जीत से विश्व कप के लिए बढ़त लेना चाहेगा भारत

सिडनी T-20: जीत से विश्व कप के लिए बढ़त लेना चाहेगा भारत

 Written By: IANS
 Published : Jan 31, 2016 10:50 am IST,  Updated : Jan 31, 2016 10:50 am IST

भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को जब SCG पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ T-20 श्रृंखला का अंतिम मैच खेलने उतरेगी तो उसकी नजर अपनी जीत के क्रम को जारी रखते हुए श्रृंखला में आस्ट्रेलिया का क्लीन स्वीप करने पर रहेगी।

indian cricket team- India TV Hindi
indian cricket team

सिडनी: भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को जब सिडनी क्रिकेट मैदान (SCG) पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ T-20 श्रृंखला का अंतिम मैच खेलने उतरेगी तो उसकी नजर अपनी जीत के क्रम को जारी रखते हुए श्रृंखला में आस्ट्रेलिया का क्लीन स्वीप करने पर रहेगी। भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला के शुरुआती दो मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही 2-0 से श्रृंखला अपने नाम कर ली है।

वहीं आस्ट्रेलिया की कोशिश अंतिम मैच जीतकर अपनी साख बचाने की होगी। पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला 1-4 से गंवाने के बाद भारत ने शानदार वापसी करते हुए टी-20 श्रंखला पर कब्जा किया है और इसी वर्ष घरेलू मैदान पर होने वाले आईसीसी T-20 विश्व कप को देखते हुए भारत के लिए यह जीत काफी अहम होगी।

भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने दौरे की शुरुआत से ही काफी रन बटोरे हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने अपनी एकदिवसीय फॉर्म को टी-20 में भी जारी रखा है। शिखर धवन ने भी इस दौरे पर अपनी खोई हुई फॉर्म को वापस पा लिया है। शुरुआती दो T-20 मैचों में अर्धशतक लगाने वाले कोहली से तीसरे मैच में भी रनों की उम्मीद रहेगी। टीम में वापसी करने वाले युवराज सिंह और सुरेश रैना को हालांकि अभी अपनी उपयोगिता साबित करनी शेष है।

गेंदबाजी में कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के लिए ज्यादा परेशानी की बात नहीं है। युवा गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने प्रभावित किया है। बुमराह श्रृंखला में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। आशीष नेहरा ने भी अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए अब तक अच्छी गेंदबाजी की है। वहीं स्पिन गेंदबाजों रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन ने भी अहम मौकों पर टीम को सफलता दिलाई है।

आस्ट्रेलिया को इस मैच में शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान एरॉन फिंच की कमी खलेगी। वह चोट के चलते टीम से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह वाटसन टीम की कप्तानी संभालेंगे। आस्ट्रेलिया अपने कुछ खिलाड़ियों को पहले ही न्यूजीलैंड भेज चुका है, जिनमें स्टीवन स्मिथ, जॉन हेस्टिंग्स, केन रिचर्डसन और मैथ्यू वेड शामिल हैं। टीम को इन खिलाड़ियों के बिना ही मैदान पर उतरना पड़ेगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल