न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की पेटिएम घरेलू सीरीज के लिए आज बीसीसीआई ने 13 सदस्यीय टीम इंडिया की घोषणा की। टीम में दिल्ली के गौतम गंभीर को जगह नहीं मिली हालंकि पहले चर्चा थी कि शायद उन्हें शिखर धवन की जगह टीम में लिया जा सकता है। मुंबई के रोहित शर्मा को टेस्ट में लगातार ख़राब प्रदर्शन के बावजूद टीम में रखा गया है। इसी तरह चेतेश्वर पुजारा भी टीम में अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे।
इसमें किसी प्रकार का बड़ा या चौंकाने वाला बदलाव नहीं किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के चयन पैनल ने मुंबई में अपनी बैठक में इसका फैसला लिया। इस बैठक में कप्तान विराट कोहली और मुख्य कोच अनिल कुंबले भी मौजूद थे। वेस्टइंडीज के दौरे पर गई 17 सदस्यीय क्रिकेट टीम से केवल हरफनमौला स्टुअर्ट बिन्नी और तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को बाहर रखा गया है।
वेस्टइंडीज में खेली गई चार टेस्ट मैचों की श्रंखला में बिन्नी और ठाकुर के एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला था। मुंबई में हुई बैठक में चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा को सराहा, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मुकाबलों में 112 रन बनाए।
खिलाड़ियों को पर्याप्त मौके देने के लिए नहीं किए बदलाव
चयन पैनल के चेयरमैन संदीप पाटिल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "रोहित एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके पास बेहतरीन प्रतिभा है। हमने एक बात पर जरूर ध्यान दिया है कि उन्हें एक टेस्ट मैच के लिए चुना जाता है और बाकी के पूरे सत्र के दौरान आराम दिया जाता है और इसके बाद फिर शामिल किया जाता है।"
संदीप ने कहा, "इस कारण, कप्तान और कोच सहित चयन समिति को लगता है कि जिसे भी टीम में शामिल किया जाएगा, उसे खेलने का पर्याप्त अवसर मिलेगा।" दलीप ट्रॉफी में अपनी पारी में चेतेश्वर पुजारा ने अपनी पारियों में 166 और 256 नाबाद रन बनाए, जिसके कारण चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर गया। रोहित और पुजारा के अलावा बाकी की 15 सदस्यीय भारतीय क्रिकेट टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पिछली टेस्ट श्रृंखला में सभी गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया था।
अच्छा खेलने वाले सभी खिलाड़ियों को मौका मिलेगा
संदीप ने कहा, "कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और बीसीसीआई के बैनर तले सभी खिलाड़ियों पर चर्चा हुई है। हमारा काम अच्छा खेलने वाले सभी खिलाड़ियों को मौका देने का है।" उन्होंने कहा कि यहां सिर्फ एक समस्या यह है कि केवल 11 खिलाड़ी ही खेल सकते हैं और वे खुश हैं कि उनके पास चुनने के लिए बेहतरीन 30 खिलाड़ी हैं। वेस्टइंडीज श्रंखला में टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और आशा है कि यह जारी रहे। रोहित का टेस्ट मैचों में उनका खराब प्रदर्शन रहा है लेकिन कप्तान विराट कोहली का उन पर भरोसा है। उनका मानना है कि वन-डे विशेषज्ञ इस बल्लेबाज को टेस्ट में अधिक मौके दिए जाने चाहिए।
वनडे में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का विश्व रिकॉर्ड रखने वाला मुंबई के रोहित शर्मा टेस्ट टीम से अंदर बाहर होते रहे हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2013 में भारत में लगातार दो शतक जड़कर अपने टेस्ट करियर का शानदार आगाज किया था लेकिन वे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। संदीप पाटिल की अगुवाई में मुम्बई के बांद्रा स्थित ताज लैंड्स एंड होटल में चयन समिति की बैठक हुई। दौरे की शुरुआत कानपुर से होगी जहां 22 सितंबर से पहला टेस्ट मैच शुरु होगा। न्यूज़ीलैंड यहां कुल तीन टेस्ट और पांच वनडे मैच खेलेगी।
टीम: विराट कोहली (कप्तान), चेतेश्वर पुजारा, मुरली विजय, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, रिद्धिमान साहा, के एल राहुल, आर आश्विन, अमित मिश्रा, भुवनेश्वर कुमार, इशांत शर्मा, मोहम्मद सामी, उमेश यादव, रविन्द्र जडेजा।