भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच किसी जंग से कम नहीं होता क्योंकि दोनों ही देशों में इस खेल का जुनून दीवानगी की हद तक है। ये जुनून खेल प्रेमियों में ही नहीं बल्कि मैदान में खिलाड़ियों के बीच भी देखने को मिलता है। कई बार तो ये जुनून खेल भावना के परे चले जाता है।
लेकिन कभी-कभी ऐसे वाक़्यात भी हो जाते हैं जिससे लगता है कि दोनों टीमों के बीच खेल भावना औप अपनत्व अभी ख़त्म नहीं हुआ है। दरअसल टीम इंडिया ने हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद आफ़रीदी उर्फ़ बूमबूम के प्रति एक निराले अंदाज़ में सम्मान दर्शाया है।

टीम इंडिया ने आफ़रीदी को टीम इंडिया कप्तान विराट कोहली की टी-शर्ट भेजी है जिस पर कोहली सहित युवराज सिंह, आशीष नेहरा, जसप्रीत बूमरा, सुरेश रैना, पवन नेगी, मोहम्मद शमी, रविंद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, अजंक्य रहाणे, शिखर धवन, आर. अश्विन, हार्दिक पंड्या और रवि शास्त्री ने हस्ताक्षर किए हैं।
फ़ैज़ान लखानी नाम के एक व्यक्ति ने ट्वीटर पर टी-शर्ट की तस्वीर शेयर की है। ट्वीट में लिखा है-“शाहिद आफ़रीदी के लिए टीम इंडिया हस्ताक्षरित विराट कोहली की टी-शर्ट। मैसेज में लिखा है-“तुम्हारे ख़िलाफ़ खेलने में हमेशा मज़ा आता था।”
टी-शर्ट पर मैसेज लिखा है: “शाहिद भाई के लिए। तुम्हारे ख़िलाफ़ खेलने में हमेशा मज़ा आता था।”
आफ़रीदी ICC विश्व कप 2015 को बाद टेस्ट और वनडे क्रिकेट से रिटायर हो गए थे। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2016 तक टीम की अगुवाई की।
शाहिद ने 20 फरवरी 2017 को खेल के सभी प्रारुपों से सन्यास ले लिया। उन्होंने 1996 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। 21 साल के करिअर में उन्होंने 27 टेस्ट (1716 रन, 48 विकेट), 398 वनडे (8064 रन, 395 विकेट) और 98 टी20 मैच (1405 रन, 97 विकेट) खेले।