1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. न्यूज़ीलैंड सिरीज़: टीम इंडिया का चयन आज, रोहित की नांव मंझदार में

न्यूज़ीलैंड सिरीज़: टीम इंडिया का चयन आज, रोहित की नांव मंझदार में

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Sep 12, 2016 11:25 am IST,  Updated : Sep 12, 2016 11:25 am IST

मुम्बई: न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए आज टीम इंडिया की घोषणा होगी। संदीप पाटिल की अगुवाई वाली चयन समिति की आज यहां बैठक है। वैसे टीम में किसी बड़े

Team India- India TV Hindi
Team India

मुम्बई: न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए आज टीम इंडिया की घोषणा होगी। संदीप पाटिल की अगुवाई वाली चयन समिति की आज यहां बैठक है। वैसे टीम में किसी बड़े बदलाव की संभावना कम ही है। संभावना है कि बैठक में रोहित शर्मा पर चर्चा होगी क्योंकि टेस्ट मैचों में उनका खराब प्रदर्शन रहा है लेकिन कप्तान विराट कोहली का उन पर भरोसा है। उनका मानना है कि वन-डे विशेषज्ञ इस बल्लेबाज को टेस्ट में अधिक मौके दिए जाने चाहिए।

वनडे में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का विश्व रिकॉर्ड रखने वाला मुंबई के रोहित शर्मा टेस्ट टीम से अंदर बाहर होते रहे हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2013 में भारत में लगातार दो शतक जड़कर अपने टेस्ट करियर का शानदार आगाज किया था लेकिन वे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल की टेस्ट सीरीज में उन्हें चार में से दो मैचों में खेलने का मौका मिला। अब देखना यह है कि चयनकर्ता इस 29 वर्षीय बल्लेबाज पर आगे कितने समय तक भरोसा कायम रखते हैं। रोहित ने ग्रेटर नोएडा में दुलीप ट्रॉफी फाइनल में पहली पारी में 30 रन बनाकर अपना विकेट पुरस्कार स्वरूप दे दिया। वैसे चयनकर्ताओं का काम आसान नहीं होगा क्योंकि कई युवा खिलाड़ी श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे और करुण नायर जैसे कई युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

शीर्षक्रम के एक अन्य बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा पर भी हमेशा तलवार लटकी रहती है। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम टेस्ट मैच से बाहर कर दिया गया था। पुजारा ने दुलीप ट्रॉफी में लगातार दो मैचों में शतक जड़कर अपना फॉर्म दिखाया है और अब उन्हें टीम में शामिल किए जाने की पूरी संभावना है। रवींद्र जडेजा को चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव और लेग स्पिनर अमित मिश्रा से चुनौती मिल रही है। कुलदीप ने इंडिया रेड की तरफ से दुलीप ट्रॉफी में 13 विकेट झटके थे। मिश्रा वेस्टइंडीज के खिलाफ चार में से दो टेस्ट मैच खेले और वे रविचंद्रन अश्विन का साथ देने के लिए स्पिन विभाग में जगह बनाने के प्रबल दावेदार हैं।

अश्विन के अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ दस से अधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी फिर से सबसे अनुभवी इशांत शर्मा के साथ मिलकर तेज गेंदबाजी की अगुआई करेंगे। वेस्टइंडीज दौरे में इन दोनों के अलावा भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव और शार्दुल ठाकुर भी गए थे, लेकिन सीरीज भारत में खेली जाएगी और इसलिए इनको टीम में रखे जाने की संभावना कम है।

दौरे की शुरुआत कानपुर से होगी जहां 22 सितंबर से पहला टेस्ट मैच शुरु होगा। न्यूज़ीलैंड यहां कुल तीन टेस्ट और पांच वनडे मैच खेलेगी।

संभावित टीम: शिखर धवन, मुरली विजय, विराट कोहली (कप्तान), चेतेश्वर पुजारा, अंजिंक्य रहाणे, लोकेश राहुल, रोहित शर्मा/मनीष पांडे, रिद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार/शार्दुल ठाकुर/जयंत यादव/वरूण एरोन।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल