भारतीय लिमेटिड ओवर टीम के उप कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के लिए साल 2019 बहुत बेहतरीन रहा। एक दिवसीय वर्ल्ड कप में उनका बल्ला जम कर गर्जा और उन्होंने एक ही वर्ल्ड कप में 5 शतक ठोंक डाले, लेकिन इसके बावजूद टीम वर्ल्ड कप जीत नहीं पाई। वर्ल्ड कप में भारत को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों शिकस्त मिली। लेकिन रोहित शर्मा को अभी भी भरोसा है कि टीम इंडिया वर्ल्ड कप जीत सकती है और उन्होंने कहा है कि अभी कुछ वर्ल्ड कप है जिसे हमें जीतना बाकी है।
रोहित शर्मा ने पीटीआई से कहा 'चीजें बदल रही है, श्रेयस अय्यर नंबर चार पर काफी अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं। ऋषभ पंत ने भी विंडीज के खिलाफ वनडे में अच्छा प्रदर्शन किया था। शिवम दुबे ने अच्छा करना शुरु किया है तो मुझे भरोसा है कि हमारे युवा खिलाड़ी तैयार हैं।'
उन्होंने आगे कहा 'समस्या यह है कि केएल राहुल, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी ज्यादा मैच एक साथ टीम में नहीं खेले हैं। लेकिन अब ऐसा हो रहा है और जब यह सब एकसाथ खेलेंगे तो उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।'
रोहित शर्मा का मानना है कि अय्यर नंबर चार की पोजिशन पर अपना कब्जा कर चुके हैं और बाकी खिलाड़ियों को अभी टीम में जगह पक्का करना बाकी है। रोहित ने कहा 'श्रेयस अय्यर को पता है कि आगे आने वाले सालों में उन्हें नंबर चार पर बल्लेबाजी करनी है। अब वो टीम में अपने स्थान को लेकर बेचिंत हो गए हैं और वो खुलकर अपनी योजनाओं को लागू कर सकते हैं। बाकि खिलाड़ियों को अभी अपना स्थान पक्का करने की जरूरत है।'
राहुल के साथ सलामी बल्लेबाजी करने पर रोहित शर्मा ने कहा 'राहुल का अच्छा समय चल रहा है और हम एक अच्छे माइंटसेट के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हम राहुल को एक-दो मैच से नहीं परख सकते। हमें उन्हें और मैच खिलाकर होंगे।'
रोहित शर्मा अब इस साल 30 अप्रैल को 33 साल के हो जाएंगे, जब उनसे आगे के प्लान के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा 'मैंने अभी तक कुछ ऐसे खास प्लान नहीं बनाए हैं, अभी कुछ वर्ल्ड कप है जिसे हमें जीतना बाकी है।'