मेलबर्न: विराट कोहली के साथ टकराव की एक पुरानी घटना को याद करते हुए आस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज एड कोवान ने आज कहा कि कुछ बेहद अनुचित शब्द कहे जाने के बाद एक बार वह भारत के मौजूदा कप्तान विराट कोहली को स्टंप उखाड़कर मारना चाहते थे।
भारत ने हाल के वर्षों की सबसे कड़ी श्रृंखलाओं में से एक में स्वदेश में आस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया जिस दौरान माहौल काफी गर्म दिखा।
शीर्ष स्तर के क्रिकेट के अलावा श्रृंखला के दौरान एक के बाद एक विवाद सामने आए जिसके केंद्र में भारतीय कप्तान कोहली और विरोधी कप्तान स्टीव स्मिथ थे।
फाक्स स्पोट्र्स ने कोवान के हवाले से कहा, उस श्रृंखला के दौरान मेरी मां काफी बीमार थी और उसने कुछ ऐसा कहा जो अनुचित था।
उन्होंने कहा, उसने कुछ ऐसा कहा जो बेहद अनुचित था। एक निजी मामला जो काफी संवेदनशील था। बेहद अनुचित। लेकिन उसे तब तक महसूस नहीं हुआ कि उसने सीमा लांघ दी है जब तक कि अंपायर ने आकर नहीं कहा कि विराट तुमने सीमा लांघ दी है और ऐसा कहे जाने के बाद वह पीछे हट गया और माफी मांगी।
कोवान ने कहा, लेकिन उस समय ऐसा लम्हा आया था जब मैं चाहता था कि स्टंप उखाड़कर उसे मार दूं। कोवान ने हालांकि कहा कि वह भारतीय कप्तान के बड़े प्रशंसक है। उन्होंने कहा, मैं उसके क्रिकेट का बड़ा प्रशंसक हूं। मुझे गलत मत समझिए वह बेहतरीन क्रिकेटर है।