1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. त्रिकोणीय सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड से होगी भारतीय महिला टीम की भिड़ंत

त्रिकोणीय सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड से होगी भारतीय महिला टीम की भिड़ंत

 Edited By: Bhasha
 Published : Jan 30, 2020 04:25 pm IST,  Updated : Jan 30, 2020 04:25 pm IST

भारतीय टीम 2017 वनडे विश्व कप में खिताब जीतने के करीब पहुंची थी लेकिन फाइनल में उसे इंग्लैंड के खिलाफ नौ रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके एक साल बाद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज में विश्व टी20 के सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड के ही खिलाफ हार झेलनी पड़ी। 

india women's team, india women's cricket team, england, triangular series, t20 world cup- India TV Hindi
T20I Triangular series  Image Source : TWITTER/BCCI

विश्व टी20 की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी भारतीय महिला क्रिकेट टीम शुक्रवार को त्रिकोणीय सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड से भिड़ेगी। दुनिया की शीर्ष दो टीमों इंग्लैंड और मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैचों से भारत को आईसीसी टी20 विश्व कप की तैयारी करने का बेहतरीन मौका मिलेगा। 

भारतीय महिला टीम को आईसीसी टूर्नामेंटों में पहली खिताबी जीत का इंतजार है। भारतीय टीम 2017 वनडे विश्व कप में खिताब जीतने के करीब पहुंची थी लेकिन फाइनल में उसे इंग्लैंड के खिलाफ नौ रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके एक साल बाद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज में विश्व टी20 के सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड के ही खिलाफ हार झेलनी पड़ी। 

आईसीसी प्रतियोगिताओं के नॉकआउट चरण में भारत की विफलता को देखते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने हाल में कहा था कि भारत दबाव से निपटने में नाकाम रहा है। भारत को अगर बड़े टूर्नामेंट जीतने हैं तो अपने प्रदर्शन के अलावा दबाव झेलने की क्षमता में भी सुधार करना होगा। 

मुख्य कोच डब्ल्यूवी रमन का भी मानना है कि त्रिकोणीय सीरीज में खेलने से भारतीय टीम को टी20 विश्व कप से पहले तैयारी में अच्छी मदद मिलेगी। टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में ही 21 फरवरी से आठ मार्च तक खेला जाएगा। 

भारत को ग्रुप चरण में मेजबान ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ रखा गया है। बंगाल की रिचा घोष टीम में एकमात्र नया चेहरा हैं। उन्हें महिला चैलेंजर ट्रॉफी में अच्छे प्रदर्शन के बाद टीम में जगह मिली है। 

हरियाणा की 15 साल की स्कूली छात्रा शेफाली वर्मा भी अपने पहले वैश्विक टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। शेफाली ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय सत्र में कुछ अच्छी पारियां खेलकर प्रभावित किया है। मैच भारतीय समयानुसार सुबह आठ बजकर 40 मिनट से खेला जाएगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल