1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली का बड़ा बयान, धोनी से ज्यादा भारतीय क्रिकेट के लिये समर्पित कोई और नहीं

विराट कोहली का बड़ा बयान, धोनी से ज्यादा भारतीय क्रिकेट के लिये समर्पित कोई और नहीं

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 18, 2019 07:55 pm IST,  Updated : Jan 18, 2019 10:42 pm IST

सिडनी में पहले वनडे में धीमी बल्लेबाजी के लिये आलोचना झेलने वाले धोनी ने एडिलेड और मेलबर्न में टीम को जीत दिलाई।

विराट कोहली- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : TWITTER: @ANI

मेलबर्न: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का डटकर बचाव करते हुए कहा है कि ‘भारतीय क्रिकेट के लिये उनसे ज्यादा समर्पित कोई और नहीं ’ और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी उन्हें रास आ रही है। सिडनी में पहले वनडे में धीमी बल्लेबाजी के लिये आलोचना झेलने वाले धोनी ने एडिलेड और मेलबर्न में टीम को जीत दिलाई। 

ऑस्ट्रेलिया में मिली ऐतिहासिक जीत में धोनी के योगदान का उल्लेख करते हुए कोहली ने कहा कि पूर्व कप्तान को कुछ राहत दी जानी चाहिये। उन्होंने कहा, ‘‘एक टीम के रूप में हम धोनी के लिये बहुत खुश हैं। उन्होंने रन बनाये जो लय और आत्मविश्वास फिर पाने के लिये जरूरी है। खास तौर पर जब आप बहुत ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं।’’

मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कोहली ने कहा,‘‘ बाहर बहुत कुछ होता है। लोग बहुत कुछ कहते हैं लेकिन हमें पता है कि भारतीय क्रिकेट के प्रति धोनी से ज्यादा समर्पित कोई नहीं है। लोगों को उन्हें कुछ राहत देनी चाहिये क्योंकि उन्होंने भारतीय क्रिकेट को बहुत कुछ दिया है।’’ 

उन्होंने कहा,‘‘वह भारत के सबसे बुद्धिमान क्रिकेटरों में से है। वह उनमें से नहीं है जिन्हें पता नहीं होता कि क्या करने की जरूरत है। एक टीम के रूप में हमें पता है कि वह क्या कर रहे हैं और हम सभी उनके लिये खुश हैं।’’

उन्होंने यह भी कहा कि पांचवां नंबर धोनी के लिये बेस्ट है। कोहली ने कहा,‘‘धोनी ने 2016 में कुछ समय चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की लेकिन उसके बाद वह पांचवें छठे नंबर पर उतरकर खुश है। पांचवां नंबर उनके लिये बेस्ट है। एडिलेड में वह इस नंबर पर काफी सहज दिखे।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल