महान बल्लेबाज़ सुनील गावस्कर का कहना है कि जिस तरह से विराट कोहली इन दिनों बल्लेबाज़ी कर रहे हैं उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि वह आधी रात को बिना रोशनी के भी बल्लेबाज़ी कर सकते हैं।
कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के जारी टी20 सिरीज़ के पहले दो मैचों में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए दोनों बार मैन ऑफ द मैच का ख़िताब जीता है। कोहली ने दोनों ही पारियों में अर्धशतकीय पारी खेली है।
एक टीवी चैनल के सात बातचीत में गावस्कर ने कहा कि कोहली इस समय ऐसे फॉर्म में हैं जिसे हासिल करना हर खिलाड़ी का सपना होता है। वह किसी भी हालात में बेहतरीन बल्लेबाज़ी कर सकते हैं। कोहली को कोई भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ आउट नहीं कर सका है। कोहली सिर्फ अपनी ग़लती से आउट हो सकते हैं और गेंदबाज़ो को उनकी गलती का इंतज़ार करना पड़ेगा।
जब गावस्कर से यह पूछा गया कि आप रोहित शर्मा या कोहली में से किसे गेंदबाज़ी करना चाहेंगे, उन्होने कहा कि किसी को भी नहीं। रोहित अपने शॉट से आपको मार देगा जबकि कोहली आपकी जान को नहीं बख्शेगा।
दो टी-20 मैच में युवराज सिंह को बल्लेबाज़ी नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी टीम इंडिया को क्लीन स्वीप पर ध्यान देना चाहिए और कोहली को ही तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करनी चाहिए। युवराज एशिया कप और श्रीलंका के ख़िलाफ बल्लेबाज़ी कर सकते हैं।