एडिलेड में पहले टी20 मैच के दौरान विराट कोहली के आवभाव को ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान स्टीव स्मिथ ने दिल पर ले लिया है। स्मिथ ने कहा कि उनके आउट होने के बाद कोहली को चैटर बॉक्स जैसा हाव-भाव दिखाने की ज़रूरत नहीं थी।
स्मिथ के आउट होने के ठीक पहले टीवी कमेंटेटर माइक पर स्मिथ से बात कर रहे थे। उनके आउट होने के बाद यह चर्चा शुरू हो गई है कि तकनीकी के आने से इस खेल को फायदा पहुंच रहा है या नुकसान।
स्मिथ ने फ़ॉक्स स्पोर्ट्स से कहा, "वह बहुत जज़्बाती हो जाता है। मुझे नहीं लगता कि किसी के आउट होने पर ऐसा कुछ करना ज़रुरी हैI थोड़ा बहुत मज़ाक ठीक है लेकिन किसी के आउट होने पर ऐसा करना मुझे नहीं लगता ठीक है।"
स्मिथ ख़ुद के आउट होने के लिए कमेंटेटर के साथ लाइव बातचीत को नहीं बल्कि ख़राब शॉट को ज़िम्मेवार ठहराया और कहा कि "मैं चौक्का या छक्का लगाने की कोशिश नहीं कर रहा था। मैं तो बस दो रन के लिए फ़ील्डर के ऊपर से बॉल निकालने की कोशिश कर रहा था।"