मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा टेस्ट श्रृंखला में बड़ी पारियां नहीं खेल पाने के कारण भारतीय कप्तान विराट कोहली फ्रस्टेट हो गए हैं। जॉनसन ने फॉक्सस्पोर्ट्स.काम.एयू पर अपने ब्लॉग में लिखा, ‘बेशक वह काफी जुनूनी हैं लेकिन मुझे लगता है कि वह हताश हैं क्योंकि वह रन नहीं बना पाए हैं और वह अपनी भावनाओं को खुद पर हावी होने दे रहे हैं।’
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इस तेज गेंदबाज ने कहा, ‘आप देख सकते हैं कि दूसरे टेस्ट मैच के बीच में अचानक रूख बदल गया और भारत मैच में आगे निकल गया। बेशक जब भी विकेट गिर रहा था तो कैमरा कोहली की प्रतिक्रिया देखने के लिए सीधे उसकी तरफ जा रहा था। उन्हें पता था कि उन्हें उनकी तरफ से इस तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिलेगी।’ जॉनसन ने अतीत में कोहली के साथ हुई बहस को भी याद किया। उन्होंने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच दूसरे टेस्ट में जब जद्दोजहद हो रही थी तो मैं उसे देखते हुए बिलकुल घर जैसा महसूस कर रहा था और ऐसा सिर्फ एक आदमी के कारण था, विराट कोहली।’
जॉनसन ने कहा, ‘विराट हर चीज के केंद्र में थे। वह दर्शकों को जोश दिला रहे थे, प्रत्येक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को विदाई दे रहे थे और आमतौर पर जोश से भरे थे। इसने मुझे उन दिनों की याद दिला दी जब मैं खेला करता था क्योंकि मैं कई बार विराट से भिड़ा था।’