नयी दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और महान बॉलर वसीम अकरम का कहना है कि विराट कोहली को पंगा लेना पसंद है और इसी वजह से वह और बेहतर खेलता है। उन्होंने कहा कि इंज़माम को याद होगा कि 1999 में मैने टीम से कहा था कि यदि दर्शक आपकी हूटिंग कर रहे हैं तो इसके मायने हैं कि आप अपने काम को बखूबी अंजाम दे रहे हैं। विराट भी ऐसा ही सोचता है। यह बेहतरीन सोच है। अकरम ने मैदान पर कोहली की आक्रामकता की भी तारीफ की।
कपिल ने भी कुछ ऐसे ही विचार रखे और कहा कि कोहली उन्हें मैकेनरो और जावेद मियांदाद की याद दिलाता है। उन्होंने कहा , विराट मुझे मैकेनरो की याद दिलाता है। उसे हमेशा शरारत सूझती है। इन लोगों को पंगा लेना पसंद है और ये अपना खेल दूसरे स्तर तक ले जाते हैं। मैकेनरो को भी अंपायरों से लड़ने का शौक था। दूसरा उदाहरण जावेद है। उसे भी पंगा लेना पसंद था। इस पर अकरम ने कहा , वो अभी भी पंगे लेते हैं।
कपिल देव, वसीम अकरम और सौरव गांगुली जैसे महान क्रिकेट आज तक सलाम कॉंक्लेव में विराट कोहली की तारीफ कर रहे थे। पूर्व कप्तान गांगुली ने कहा कि वह ख़ास खिलाड़ी है। वह टीम को एकजुट करता है। आपके पास रोहित शर्मा, सुरेश रैना और युवराज सिंह जैसे क्रिकेटर हैं लेकिन पिछले छह साल से विराट जिस तरह से खेला है, वह दूसरे ही स्तर का खिलाड़ी है।
गांगुली ने कहा कि कोहली ने दुनिया भर में रन बनाये हैं और वह मैच विनर है। एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में वह मोहम्मद आमिर के स्पैल को झेलते हुए टीम को जीत तक ले गया। एडीलेड टेस्ट में आस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके लगातार दो शतक भूले नहीं जा सकते । वह टीम को बांधता है और यही वजह है कि उसका महत्व दूसरों से अधिक है।
इंजमाम उल हक ने कहा कि पाकिस्तानी टीम को कोहली जैसे खिलाड़ी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मौजूदा पाकिस्तानी टीम में प्रेरणा का अभाव है । इसे कोहली जैसे किसी खिलाड़ी की जरूरत है जो मोर्चे से अगुवाई करके दूसरों को प्रेरित करे। पाकिस्तान में प्रतिभा की कमी नहीं है लेकिन कोहली जैसा बड़ा खिलाड़ी चाहिये जैसे हमारे दौर में वसीम भाई थे ।