1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विजडन का ‘लीडिंग क्रिकेटर’ बनने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बने विराट कोहली

विजडन का ‘लीडिंग क्रिकेटर’ बनने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बने विराट कोहली

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 05, 2017 04:53 pm IST,  Updated : Apr 05, 2017 04:53 pm IST

पिछले साल क्रिकेट के तीनों फॉर्मैट्स में रनों का अंबार लगाने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को विजडन क्रिकेटर्स अलमानैक ने वर्ष ‘2016 का विश्व का अग्रणी क्रिकेटर’ चुना है।

Virat Kohli | AP Photo- India TV Hindi
Virat Kohli | AP Photo

लंदन: पिछले साल क्रिकेट के तीनों फॉर्मैट्स में रनों का अंबार लगाने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को विजडन क्रिकेटर्स अलमानैक ने वर्ष ‘2016 का विश्व का अग्रणी क्रिकेटर’ चुना है। वह वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर के बाद यह सम्मान हासिल करने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। कोहली को इस सप्ताह प्रकाशित हुई विजडन क्रिकेटर्स अलमानैक ने अपने 2017 के एडिशन में अपने कवर पर भी जगह दी है, जिसमें उन्हें एक टेस्ट मैच में रिवर्स स्वीप करते हुए दिखाया गया है।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

भारतीय कप्तान ने पिछले साल क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में बेहतरीन प्रदर्शन करके कुल मिलाकर 2,595 रन बनाये जिसमें 7 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 12 टेस्ट मैचों में 4 शतकों की मदद से 1,215 रन, 10 वनडे में 3 शतकों की मदद से 739 रन और 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 641 रन बनाए। विजडन के संपादक लॉरेन्स बूथ ने कोहली की तारीफ करते हुए लिखा है कि कोहली के लिए 2016 स्वप्निल वर्ष था। उन्होंने लिखा है, ‘कोहली का तीनों प्रारूपों में बल्लेबाजी में किसी अन्य की तुलना में बेहतर औसत रहा। टेस्ट मैचों में उन्होंने 75, वनडे में 92 और टी20 में 106 रन प्रति पारी की औसत से रन बनाए।’

इन्हें भी पढ़ें:

वर्ष का अग्रणी क्रिकेटर चुनने की शुरुआत विजडन ने 2003 में की थी। इसके बाद यह सम्मान हासिल करने वाले कोहली तीसरे भारतीय हैं। उनसे पहले सहवाग (2008 और 2009): तथा तेंदुलकर (2010) यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। यह सम्मान वर्ष के तीनों प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। कोहली ने वर्ष 2016 - 17 में लगातार 4 सीरीज में दोहरा शतक जड़ने का अनोखा कीर्तिमान बनाया। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 200, न्यूजीलैंड के खिलाफ 211 और इंग्लैंड के खिलाफ 235 रन की पारियां खेली थी। इसके बाद वह बांग्लादेश के खिलाफ भी 204 रन बनाने में सफल रहे थे। कोहली की अगुवाई में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट, वनडे और टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया।

इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में चौथे टेस्ट मैच में उनकी 235 रन की पारी के बाद बूथ ने उन्हें सचिन तेंदुलकर का आध्यात्मिक उत्तराधिकारी करार दिया था। कोहली को BCCI के वार्षिक पुरस्कार समारोह में वर्ष का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए प्रतिष्ठित पाली उमरीगर पुरस्कार भी मिला था। ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी को वर्ष 2016 के लिये महिला वर्ग में वर्ष की अग्रणी क्रिकेटर चुना गया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।