दुबई: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर वन की पोजिशन बरकरार रखी है। ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप फाइव में एकबार फिर शामिल हो गए हैं। अश्विन को तीन स्थानों का फायदा मिला है और वे चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ अमेरिका के लाडरहिल में दो मैचों की श्रृंखला के दौरान नाबाद शतक जड़ने वाले लोकेश राहुल 67 स्थान के फायदे से 31वें स्थान पर पहुंच गए हैं। श्रृंखला के पहले मैच में रिकॉर्ड कुल 489 रन बने जिसमें राहुल ने नाबाद 110 रन की पारी खेली थी। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 245 रन बनाए थे जिसके जवाब में भारत चार विकेट पर 244 रन ही बना सका था।
दूसरा मैच बारिश और मैदान गीला होने के कारण रद्द हो गया और वेस्टइंडीज ने पहले मैच में एक रन की रोमांचक जीत की बदौलत श्रृंखला 1-0 से जीत ली। कैरेबियाई टीम ने इस जीत की बदौलत दूसरे स्थान पर काबिज भारत और अपने बीच के अंतर को सिर्फ एक अंक का कर दिया है।