1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विशाखापट्नम टेस्ट: चायकाल तक इंग्लैंड एक विकेट के नुकसान पर 34 रन

विशाखापट्नम टेस्ट: चायकाल तक इंग्लैंड एक विकेट के नुकसान पर 34 रन

 Written By: IANS
 Published : Nov 18, 2016 02:42 pm IST,  Updated : Nov 18, 2016 02:42 pm IST

विशाखापट्नम: इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने डॉ. वाई. एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे सिरीज़ के दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को भारत के खिलाफ अपनी पहली पारी में चायकाल

Haseeb Hameed- India TV Hindi
Haseeb Hameed

विशाखापट्नम: इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने डॉ. वाई. एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे सिरीज़ के दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को भारत के खिलाफ अपनी पहली पारी में चायकाल तक एक विकेट के नुकसान पर 34 रन बना लिए हैं। हसीब हमीद 9 और जो रूट 22 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 22 रनों की साझेदारी हो चुकी है। मेहमान टीम का पहला विकेट पारी की शुरुआत में कप्तान एलिस्टर कुक (2) के रूप में गिरा। उन्हें मोहम्मद समी ने पगबाधा आउट कर पवेलियन भेजा। 

भारत ने अपनी पहली पारी में कप्तान विराट कोहली (167) और चेतेश्वर पुजारा (119) की शतकीय पारियों की बदौलत 455 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया है। 

गुरुवार के अपने स्कोर 317 रनों पर चार विकेट से आगे खेलने उतरी मेजबान टीम के लिए शुक्रवार का दिन का पहला सत्र निराशाजनक रहा। भारत ने इस सत्र में अपने तीन विकेट गंवाए। अश्विन और जयंत ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। 

भारत ने दिन का पहला विकेट कप्तान विराट कोहली (167) के रूप में गंवाया। अपने तीसरे दोहरे शतक की ओर अग्रसर हो रहे कोहली शुक्रवार को अपने खाते में 16 रन जोड़ने के बाद 351 के कुल स्कोर पर मोइन अली का शिकार बने। अली की ऑफ स्टम्प के बाहर की गेंद पर कोहली ने ड्राइव लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेते हुए स्लिप में खड़े बेन स्टोक्स के हाथों में समा गई।

स्टोक्स ने कोहली के पवेलियन लौटने से ठीक पहले रविचन्द्रन अश्विन का कैच अली की ही गेंद पर स्लिप पर छोड़ा था।

अली ने ही रिद्धिमान साहा (3) को भी पवेलियन लौटाया। साहा के जाने के एक गेंद बाद ही रवींद्र जड़ेजा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। वह भी अली की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। दोनों के विकेट 363 के कुल योग पर गिरे।

इसके बाद जयंत ने अश्विन के साथ पारी को संभाला और 400 के पार पहुंचाया। अश्विन ने इस पारी में अपने टेस्ट करियर का आठवां अर्धशतक भी पूरा किया। उन्हें बेन स्टोक्स ने जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच आउट करा पवेलियन भेजा। 

इसके बाद, जयंत और उमेश यादव (13) ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया लेकिन 440 के कुल स्कोर पर आदिल राशिद ने जयंत के रूप में मेजबान टीम का नौंवा विकेट गिराया।

इसके बाद उमेश और समी के बीच 10वें विकेट के लिए 15 रनों की साझेदारी हुई। दोनों ने टीम का स्कोर 455 तक पहुंचाया और इसी स्कोर पर आदिल राशिद की गेंद पर मोइन अली ने यादव का कैच लपक कर भारतीय पारी का समापन किया। 

भारत ने पहले दिन लोकेश राहुल (0), मुरली विजय (20), चेतेश्वर पुजारा (119) और अजिंक्य रहाणे (23) के विकेट गंवाए थे। पहले दिन के पहले सत्र में राहुल और विजय जल्दी आउट हो गए थे। इसके बाद कोहली ने पुजारा के साथ तीसरे विकेट के लिए 226 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था।

इंग्लैंड की ओर से जेम्स एंडरसन और मोइन अली ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि राशिद को दो और स्टुअर्ड ब्रॉड और स्टोक्स को एक-एक सफलता हासिल हुई।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।