पुणे: IPL 10 में बुधवार रात को कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर मैन ऑफ द मैच बनने वाले रॉबिन उथप्पा का सपना एक बार फिर नीली जर्सी पहन कर मैदान पर उतरना है। उथप्पा ने महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले गए मैच में पुणे के खिलाफ कोलकाता के लिए 87 रनों की शानदारी पारी खेली और नाइट राइढर्स को जीत दिलाई।
वेबसाइट 'ipl20.com' को दिए बयान में उथप्पा ने कहा कि उनका सपना एक बार फिर भारतीय टीम के लिए खेलना है। उथप्पा ने कहा, ‘नियमित रूप से अच्छा प्रदर्शन करना जरूरी है और मैं वही कर रहा हूं। मेरा सपना एक बार फिर भारतीय टीम के लिए खेलना और टेस्ट मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का है। हालांकि, इतने आगे की सोचना थोड़ा मुश्किल है। आपको वर्तमान में रहकर अच्छा प्रदर्शन करना है।’
उथप्पा बोले, ‘मैं हमेशा से मजबूत रहा हूं। मुझे अपने काम पर पूरा भरोसा है। मैं सच में आश्वस्त हूं और अपने काम का आनंद ले रहा हूं। हमने जो लय हासिल की है, उसे बरकरार रखना जरूरी है। महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के विकेटकीपरों के लिए एक उदाहरण बना रखा है और मैं धीरे-धीरे उसे हासिल करने की कोशिश कर रहा हूं।’