धर्मशाला: ऑस्ट्रेलियाई ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने खुलासा किया कि अजिंक्य रहाणे को स्वीप शॉट खेलने से रोककर उन्हें भारतीय कप्तान को चौथे और अंतिम निर्णायक टेस्ट की पहली पारी में आउट करने में मदद मिली। लियोन इस बात से खुश हैं कि 2 दिन के बाद भी टेस्ट मैच दोनों टीमों के लिए बराबरी पर है।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लियोन ने कहा कि स्पीड में वैरिएशन और विकेट के ऊपर से गेंदबाजी करने से रहाणे को रोकने में मदद मिली। उन्होंने दूसरे दिन अंतिम सेशन में 4 विकेट झटके। लियोन ने अपनी रणनीति के बारे में बताते हुए कहा, ‘यह रणनीति के तहत हुआ था। अगर आप देखें कि भारतीय विशेषकर अंजिक्य मुझे किस तरह खेल रहे थे तो आपको पता चलेगा कि वे मेरी गेंदों पर स्वीप शॉट ज्यादा खेल रहे थे।’
लियोन ने कहा, ‘मेरी योजना विकेट के ऊपर से आकर कोशिश करना था कि वह मुझे स्वीप नहीं करे और मैं अपनी गेंदों को और प्रभावी बना सकूं। यह रणनीति कारगर रही। मैंने चाय पर स्टीव स्मिथ से इसके बारे में बात की और वह इस बात से खुश थे कि अंत में इसका फायदा मिला।’