कोलंबो: अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे स्पिनर जोमेल वारिकन के चार विकेट की मदद से वेस्टइंडीज ने दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन आज यहां श्रीलंका को पहली पारी में 200 रन पर समेट दिया।
श्रीलंकाई सरजमीं पर अपनी पहली टेस्ट जीत की कवायद में लगे वेस्टइंडीज की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही और जब खराब रोशनी के कारण पहले दिन का खेल जल्दी समाप्त किया गया तब उसने एक विकेट पर 17 रन बनाये थे।
शाइ होप : चार : का खराब फार्म जारी रहा। उन्हें धम्मिका प्रसाद ने पहले ओवर में ही पगबाधा आउट कर दिया था। स्टंप उखड़ने के समय क्रेग ब्रेथवेट चार और नाइटवाचमैन देवेंद्र बिशू पांच रन पर खेल रहे थे।
इससे पहले बायें हाथ के स्पिनर वारिकन ने 67 रन देकर चार विकेट लिये। उनके अलावा कप्तान जैसन होल्डर और जेरोम टेलर ने दो . दो विकेट हासिल किये।
वारिकन ने श्रीलंका की तरफ से सर्वाधिक स्कोर बनाने वाले मिलिंदा श्रीवर्धने : 68 : के अलावा कुशाल परेरा : 16 :, धम्मिका और नुवान प्रदीप को आउट किया। रंगना हेराथ 26 रन बनाकर नाबाद रहे। अपना दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे श्रीवर्धने ने वारिकन पर छक्का जड़ने के प्रयास में सीमा रेखा पर कैच थमाया। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाये। यह टेस्ट मैचों में उनका पहला अर्धशतक है।
गाले टेस्ट जीतकर श्रृंखला में 1-0 से आगे चल रहे श्रीलंका ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उसने लंच से पहले कौशल सिल्वा : शून्य :, दिमुथ करूणारत्ने : 13 :, अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे कुशाल मेंडिस : 13 : और कप्तान एंजेलो मैथ्यूज : 14 : के विकेट गंवा दिये थे। लंच के बाद होल्डर ने दिनेश चंदीमल : 25 : को बोल्ड करके श्रीलंका का स्कोर पांच विकेट पर 90 रन कर दिया था। इसके बाद भी उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाये।