कराची: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने रविवार को कहा कि अजहर अली को पाकिस्तान की वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में और वक्त दिया जाना चाहिए। अकरम का कहना है कि इस समय पाकिस्तान की वनडे टीम के लिए नया कैप्टन चुनना एक गलत एकदिवसीय टीम के कप्तान के पद पर किसी और को लाना सही नहीं होगा।
वसीन अकरम ने कहा कि किसी भी कैप्टन की परफॉर्मेंस को कम से कम 30-35 मैच खेलने के बाद आंकना चाहिए। इसके बाद ही यदि जरूरी हो तो उसकी कप्तानी पर कोई फैसला करना चाहिए। दुनिया के सर्वकालिक महान गेंदबाजों में से एक अकरम ने कहा, ‘अजहर ने 24-25 मैचों में पाकिस्तान का नेतृत्व किया है और मेरे ख्याल से उन्हें अभी और समय दिया जाना चाहिए।’
पाकिस्तानी टीम के विकेटकीपर बैट्समैन सरफराज अहमद के प्रदर्शन पर अकरम ने कहा, ‘सरफराज ने टी-20 मैचों में टीम का अब तक अच्छे से नेतृत्व किया है और ऐसा लग रहा है कि टीम भी उनको बेहतर सहयोग दे रही है, लेकिन उन्हें अभी वनडे टीम का कैप्टन बनाना अपरिपक्वता भरा निर्णय होगा।’ अकरम ने कहा कि दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी सीरीज में कैरेबियाई टीम पाकिस्तान को कड़ी चुनौती दे सकती है, क्योंकि इस समय वेस्टइंडीज टी-20 की वर्ल्ड चैंपियन है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान 23 सितंबर से 30 अक्टूबर के बीच दुबई में वेस्टइंडीज के साथ तीन इंटरनेशनल टी-20, तीन वनडे इंटरनेशनल और तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा। पाकिस्तान क्रिकेट टीम में इस समय तीनों फॉर्मैट्स में अलग-अलग कप्तान हैं। टेस्ट टीम की कमान मिस्बाह उल हक, वनडे टीम की कमान अजहर और टी-20 टीम की कमान सरफराज के हाथों में है।