कराची: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार खान ने सोमवार को खुलासा किया कि भारतीय टीम के पाकिस्तान से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खलने से PCB को 20 करोड़ डॉलर (लगभग 1,340 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है। शहरयार ने कहा, ‘मैंने हाल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की बैठक में BCCI प्रतिनिधि को सूचित किया कि भारत के हमारे साथ खेलने से इनकार करने से हमें लगभग 20 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है और यह नुकसान बढ़ रहा है क्योंकि BCCI 2015 और 2023 के बीच द्विपक्षीय सीरीज खेलने के वैधानिक करार का भी सम्मान नहीं कर रहा।’
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
शहरयार ने कहा कि पाकिस्तान को अब BCCI के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए ICC के नए मसौदे संविधान की पुष्टि होने का इंतजार है जिसे अप्रैल में स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। PCB अध्यक्ष ने लाहौर में कहा, ‘नए मसौदे संविधान में विवाद समाधान समिति का प्रावधान है और संविधान को स्वीकृति मिलने के बाद हम BCCI के खिलाफ अपने मामले को पहले इस समिति के पास ले जाएंगे।’ शहरयार ने कहा कि BCCI प्रतिनिधि ने ICC बैठक में उनसे कहा कि भारतीय बोर्ड पाकिस्तान से खेलना चाहता है लेकिन सरकार की स्वीकृति लिए बिना ऐसा नहीं किया जा सकता। PCB अध्यक्ष शहरयार ने कहा कि BCCI अधिकारी ने कहा कि सरकार से स्वीकृति नहीं मिलने के कारण MoU को स्वीकार्य नहीं माना जा सकता।
शहरयार ने कहा, ‘मैंने उनसे कहा कि उन्हें हमारे वकीलों के अनुसार विधिक करार MoU पर हस्ताक्षर से पहले अपनी सरकार के बारे में सोचना चाहिए था। मैंने उनसे कहा कि भारत ने हमें दो घरेलू सीरीज से वंचित किया है जिससे जुड़ा नुकसान लगभग 20 करोड़ डॉलर है।’ PCB अध्यक्ष ने साथ ही कहा कि संचालन और वित्तीय मॉडल की बिग थ्री प्रणाली को समाप्त किए जाने के बावजूद भारत को ICC के राजस्व का सबसे बड़ा हिस्सा मिलेगा। शहरयार ने कहा कि पाकिस्तान ने बिग थ्री संचालन प्रणाली को खत्म करने के कदम की अगुआई की और समर्थन में 10 मत जुटाए और भारत ने उम्मीद के मुताबिक इसका विरोध किया।