1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट सीरीज के दौरान कोहली को स्लेज करने से परहेज करेंगे हेजलवुड, बताई ये वजह

टेस्ट सीरीज के दौरान कोहली को स्लेज करने से परहेज करेंगे हेजलवुड, बताई ये वजह

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jul 04, 2020 07:25 pm IST,  Updated : Jul 04, 2020 07:25 pm IST

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस साल के आखिर में टेस्ट सीरीज खेली जानी हैं जिसका दोनों ही देश के क्रिकेटर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 

टेस्ट सीरीज के दौरान...- India TV Hindi
टेस्ट सीरीज के दौरान कोहली को स्लेज करने से परहेज करेंगे हेजलवुड, बताई ये वजह Image Source : GETTY IMAGES

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस साल के आखिर में टेस्ट सीरीज खेली जानी हैं जिसका दोनों ही देश के क्रिकेटर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है। जोश हेजलवुड ने कहा है कि वह विराट कोहली से बल्लेबाजी के दौरान भिड़ने और स्लेज करने से बचने को तरजीह देंगे क्योंकि ऐसा करने से वह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। 

हेजलवुड ने कोहली को गेंदबाजी करने के बारे में बात करते हुए स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ में कहा, ‘‘निश्चित रूप से हम किसी भी भिड़ंत से बचने की कोशिश करेंगे। मुझे लगता है कि 2018 में पिछली टेस्ट श्रृंखला के दौरान यह पूरी तरह से साफ भी हो गया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह किसी भी तरह से झगड़े में पड़ना पसंद करता है क्योंकि इससे शायद वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है, विशेषकर तब, जब वह बल्लेबाजी कर रहा होता है। इसलिये गेंदबाजों के लिये इस दौरान बिलकुल भी झगड़े में पड़ना मुनासिब नहीं है।’’ हेजलवुड के अनुसार जब कोहली टीम के साथ मैदान पर होते हैं तो योजना समान नहीं रहती। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अगर हमारे खिलाड़ी बल्लेबाजी कर रहे हैं और वह मैदान में है तो मामला अलग हो जाता है। ’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जब वह बल्लेबाजी कर रहा होता है तो उसे ऐसे ही छोड़ देना चाहिए। उम्मीद करते हैं कि वह थोड़े निराशाजनक मूड में हो और हम इसका फायदा उठा लें। ’’ हेजलवुड ने यह भी कहा कि चेतेश्वर पुजारा एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपनी बल्लेबाजी से गेंदबाज को थका देते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पुजारा आपको थका देता है और अपने विकेट के लिये काफी काम कराता है, वह सचमुच अपने विकेट की कीमत रखता है और हमने यह ऑस्ट्रेलिया में पिछली बार देखा था। ’’

ये पहली बार नहीं है जब इस सीरीज से पहले विराट कोहली को लेकर बयान दिया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिमिटेड ओवर फॉर्मेट के कप्तान आरोन फिंच ने कोहली की जमकर तारीफ की थी। आरोन फिंच ने कहा था कि भारत जैसे क्रिकेट के दीवाने देश में लोगों की अपेक्षाओं का बोझ काफी है लेकिन विराट कोहली ने बतौर कप्तान शानदार प्रदर्शन किया है।

गौरतलब है कि टीम इंडिया चार टेस्ट मैचों के लिये इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। इस सीरीज का आगाज तीन दिसंबर से ब्रिसबेन में होगा। इस सीरीज में एक डे-नाइट टेस्ट भी खेला जाएगा जो एडीलेड में 11 से 15 दिसंबर के बीच आयोजित होगा। टीम अगले दो टेस्ट मेलबर्न (26 से 30 दिसंबर) और सिडनी (3 से 7 जनवरी) में खेलेगी। 

(With PTI inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल