1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दक्षिण अफ्रीका को हराकर वेस्टइंडीज ट्राई सीरीज के फाइनल में

दक्षिण अफ्रीका को हराकर वेस्टइंडीज ट्राई सीरीज के फाइनल में

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 25, 2016 11:35 am IST,  Updated : Jun 25, 2016 11:35 am IST

डेरेन ब्रावो के करियर के तीसरे शतक और शैनन गैब्रियल की शानदार गेंदबाजी से वेस्टइंडीज ने त्रिकोणीय एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में शुक्रवार रात यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करो या मरो वाले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 100 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

WestIndies
- India TV Hindi
WestIndies

ब्रिजटाउन: डेरेन ब्रावो के करियर के तीसरे शतक और शैनन गैब्रियल की शानदार गेंदबाजी से वेस्टइंडीज ने त्रिकोणीय एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में शुक्रवार रात यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करो या मरो वाले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 100 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया जहां उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। ब्रावो ने 102 रन बनाए जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा कीरोन पोलार्ड ने 62, कप्तान जैसन होल्डर ने 40 और कार्लोस ब्रेथवेट ने नाबाद 33 रन बनाए जिससे वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने के बाद 49.5 ओवर में 285 रन बनाए।

अपना दूसरा वनडे खेल रहे गैब्रियल ने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने चार गेंद के अंदर क्विंटन डिकाक, फाफ डुप्लेसिस और कप्तान एबी डिविलियर्स के विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका इससे नहीं उबर पाया तथा मोर्ने मोर्कल (नाबाद 32) और इमरान ताहिर (29) के बीच आखिरी विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी के बावजूद उसकी पूरी टीम 46 ओवर में 186 रन पर ढ़ेर हो गई।

गैब्रियल ने पांच ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लिए। बाद में स्पिनर सुनील नारायण ने अपनी उंगलियों का जादू दिखाया और दस ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। ब्रावो ने मैच के बाद कहा, मैं इस श्रृंखला में अच्छी शुरूआत कर रहा था लेकिन उसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पा रहा था। मैंने कल नेट्स पर अतिरिक्त अभ्यास किया और पोली  (पोलार्ड) के सहयोग से चीजें अनुकूल रही। वेस्टइंडीज की यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टूर्नामेंट में दूसरी जीत है और इससे वह रविवार को इसी स्थल पर होने वाले फाइनल में पहुंच गया है जहां उसका सामना विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगा। यह पिछले दस वर्षों में पहला अवसर है जबकि दक्षिण अफ्रीका त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहा।

वेस्टइंडीज के लिए फाइनल से पहले हालांकि गैब्रियल की फिटनेस चिंता का विषय है। उनके दाएं पांव में चोट लग गई है। उन्होंने अपने पांच ओवर में दक्षिण अफ्रीकी शीर्ष क्रम को हिला कर रख दिया था। उन्हें हाशिम अमला (16) का विकेट भी मिल जाता लेकिन विकेटकीपर दिनेश रामदीन ने उन्हें जीवनदान दे दिया। तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा ने इससे पहले वेस्टइंडीज के शीर्ष क्रम को भी झकझोर कर उसका स्कोर चार विकेट पर 21 रन कर दिया था। लेकिन ब्रावो का शतक टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ। उन्होंने अपनी 102 रन की पारी के लिए 103 गेंदें खेली तथा 12 चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने पोलार्ड के साथ पांचवें विकेट के लिए 156 रन की साझेदारी की।

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से रबादा और क्रिस मौरिस ने तीन-तीन विकेट लिए। मोर्ने मोर्कल महंगे साबित हुए। उन्होंने नौ ओवर में 68 रन लुटाए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने अपने छह विकेट पर 65 रन पर गंवा दिए थे। शीर्ष बल्लेबाजों में केवल फरहान बेहारडीन (35) ही कुछ देर टिक पाए। वायने पर्नेल ने भी 28 रन बनाए जिससे हार का अंतर कुछ कम हुआ।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल