भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सिरीज़ का अंतिम और निर्णायक मैच धर्मशाला में 25 मार्च शनिवार से शुरु हो रहा है लेकिन इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली खेलेंगे या नहीं इस पर सस्पेंस बरकरार है। इस असमंजस की स्थित के बीच टीम इंडिया के थिंक टैंक ने मुंबई के युवा बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर को धर्मशाला बुला लिया है और अगर कोहली फिटनेस टेस्ट में फेल हो जाते हैं तो श्रेयस को मौका मिल सकता है।
आपको बता दें गुरुवार के बाद आज भी टीम इंडिया ने अभ्यास किया लेकिन इसमें श्रेयस हिस्सा नहीं ले सके क्योंकि वह दोपहर बाद ही धर्मशाला पहुंच सके जबकि अभ्यास 9:30 बजे था। कोहली ने कल के अभ्यास में नेट्स नहीं की थी। गौरतलब है कि विराट को रांची टेस्ट के दौरान कंधे में चोट लगी थी, उनके लिगमेंट में खिंचाव था, जिसके लिए डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। कोहली ने आज कहा भी है कि वह शत प्रतिशत फ़िट रहने पर ही खेलेंगे वर्ना नहीं।
सूत्रों के अनुसार कोहली ने ही श्रेयस का नाम सुझाया था। कोहली उनसे काफी इंप्रेस हैं और उनके खेल से काफी प्रभावित हैं। इससे पहले अय्यर को देवधर ट्रॉफी में इंडिया ब्लू टीम में रखा गया है।
लेकिन दिलचस्प बात ये है कि कोहली ने तो उन्हें अपनी जगह लेने लायक समझा लेकिन श्रेयस के वह पसंदीदा खिलाड़ी नहीं हैं। एक इंटरव्यूह में जब उनसे उनके पसंदीदा बल्लेबाज़ के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जो नाम गिनवाए उनमें कोहली का नाम नदारद था। श्रेयस सबसे ज़्यादा साउथ अप्रीका के एबी डिविलियर्स से प्रबावित हैं। ुनके अलावा उन्हें रॉस टैलर और सचिन तेंदुलकर भी पसंद रहे हैं लेकिन कोहली का उन्होंने कोई ज़िक्र नही किया।
22 वर्षीय अय्यर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच में दोहरा शतक जड़ा था। वो मुंबई के लिए खेलते हैं और पिछले कई मौकों पर उन्होंने मैच जिताऊ पारियां खेली हैं।