पोटचेफस्ट्रूम (दक्षिण अफ्रीका): भारतीय महिला टीम की तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने मंगलवार को वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेटल लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की कैथरीन फिट्जपैट्रिक का एक दशक से चला आ रहा रिकॉर्ड तोड़ते हुए यह कारनामा किया।
झूलन ने दक्षिण अफ्रीका में खेली जा रही चतुष्कोणीय श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका की रेसीबे नटोजाके को आउट करके 50 ओवरों के प्रारूप में अपना 181वां विकेट हासिल किया। इस तरह से झूलन ने फिट्जपैट्रिक का 109 मैचों में 180 विकेट का रिकार्ड तोड़ा। झूलन ने 7.3 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए। झूलन ने फिट्जपैट्रिक का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 153 मैच खेले।
यह 34 वर्षीय खिलाड़ी पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के चकदाहा कस्बे की रहने वाली है। उन्होंने 2002 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्हें वर्ष 2007 में आईसीसी की वर्ष की महिला क्रिकेटर भी चुना गया था। झूलन ने इसके अलावा 10 टेस्ट मैचों में 40 विकेट और 60 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 50 विकेट लिए हैं।