1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विश्व कप 2019: न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को मिल सकती है पहली हार, गवाही देते हैं ये आंकड़े

विश्व कप 2019: न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को मिल सकती है पहली हार, गवाही देते हैं ये आंकड़े

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 11, 2019 04:20 pm IST,  Updated : Jun 11, 2019 04:20 pm IST

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की सरजमीं पर जो तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं उन सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा है और विराट कोहली की टीम गुरुवार को यहां होने वाले मैच में इस क्रम को तोड़ने की कोशिश करेगी।

विराट कोहली- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : AP

नाटिंघम। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की सरजमीं पर जो तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं उन सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा है और विराट कोहली की टीम गुरुवार को यहां होने वाले मैच में इस क्रम को तोड़ने की कोशिश करेगी। संयोग से इन दोनों टीमों के बीच इंग्लैंड की धरती पर तीनों मैच विश्व कप के दौरान ही खेले गये और इन सभी में कीवी टीम का पलड़ा भारी रहा। वैसे इन दोनों टीमों के बीच विश्व कप में अब तक सात मुकाबले हुए हैं जिनमें से न्यूजीलैंड ने चार और भारत ने तीन में जीत दर्ज की है। 

विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी मुकाबला 2003 में सेंचुरियन में खेला गया था जिसमें सौरव गांगुली की अगुवाई वाली टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी। 

इंग्लैंड में इससे पहले खेले गये चार विश्व कप टूर्नामेंट में से तीन में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने सामने थी। भारत ने जब 1983 में विश्व कप जीता था तब उसका सामना न्यूजीलैंड से नहीं हुआ था। संयोग से भारत ने इंग्लैंड की सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक के अपने तीनों मुकाबले 12 से 14 जून के बीच खेले हैं और इस बार भी उनका मुकाबला 13 जून को है। 

इन दोनों टीमों के बीच विश्व कप में पहला मैच 1975 में 14 जून को मैनचेस्टर में खेला गया था जिसे न्यूजीलैंड ने ग्लेन टर्नर (नाबाद 114) की शतक की मदद से चार विकेट से जीता था।

 
भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 60 ओवरों में 230 रन पर आउट हो गयी थी और न्यूजीलैंड ने 58.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर दिया था। भारत की तरफ से आलराउंडर एस आबिद अली ने पहले 98 गेंदों पर 70 रन बनाये और बाद में 12 ओवर में 35 रन देकर दो विकेट लिये थे। 

इसके चार साल बाद विश्व कप 1979 में 13 जून को लीड्स में ये दोनों टीमें फिर आमने सामने थी लेकिन एस वेंकटराघवन की अगुवाई वाली भारतीय टीम 55.5 ओवर में 182 रन पर सिमट गयी थी। भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने सर्वाधिक 55 रन बनाये थे जिसके लिये उन्होंने 144 गेंदें खेली थी। न्यूजीलैंड ने ब्रूस एडगर के 84 रन की मदद से 57 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। 

इंग्लैंड में 1999 में खेले गये विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 12 जून को नाटिंघम में मुकाबला था। मोहम्मद अजहरूद्दीन की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट पर 251 रन बनाये जिसमें अजय जडेजा (76) का अर्धशतक शामिल था। 

न्यूजीलैंड ने 48.5 ओवर में पांच विकेट पर 253 रन बनाकर पांच विकेट से जीत दर्ज की। उसकी तरफ से मैट होर्न (74) और रोजर टूज (नाबाद 60) ने अर्धशतक जमाये थे। 

अब फिर से मुकाबला 13 जून को नाटिंघम में होगा और यह देखना दिलचस्प रहेगा कि कोहली की टीम हार के क्रम को तोड़ती है या केन विलियमसन की टीम अपने शानदार रिकार्ड को बरकरार रखने में सफल रहती है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल