1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World Cup 2019: पाकिस्तानी खिलाड़ी ने किया खुलासा इसलिए नहीं मानी थी प्रधानमंत्री इमरान खान की सलाह

World Cup 2019: पाकिस्तानी खिलाड़ी ने किया खुलासा इसलिए नहीं मानी थी प्रधानमंत्री इमरान खान की सलाह

 Reported By: IANS
 Published : Jun 21, 2019 02:37 pm IST,  Updated : Jun 21, 2019 02:40 pm IST

देश के प्रधानमंत्री व पूर्व पाकिस्तान कप्तान इमरान ख़ान ने पहले बल्लेबाज़ी करने की सलाह दी थी। जिसको पाक कप्तान सरफराज खान ने नहीं माना था और भारत के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी।

Mohammad Hafeez- India TV Hindi
Mohammad Hafeez, Batsmen Pakistan Image Source : AP

लंदन। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अनुभवी हरफनमौला खिलाड़ी मोहम्मद हफीज ने स्वीकार किया है कि एक इकाई के तौर पर उनकी टीम नाकाम रही है और इसी कारण यहां जारी आईसीसी विश्व कप में उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। पाकिस्तान को पांच में से सिर्फ एक मैच में जीत मिली है और वह सेमीफाइनल में पहुंचने की दौड़ से लगभग बाहर हो गया है। इस सफर में उसे बीते रविवार को भारत के खिलाफ 89 रनों की करारी हार मिली थी।

जियो टीवी ने हफीज के हवाले से लिखा, "हम एक टीम के तौर पर नाकाम रहे। हमने न तो एक टीम के तौर पर और ना ही व्यक्तिगत तौर पर जीत हासिल करने वाला जज्बा दिखाया। आज के क्रिकेट में आपको एक टीम के तौर पर परफार्म करना होता है। टीम की जीत में हर किसी का योगदान होना चाहिए। ऐसे में हम किसी एक को इस खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार नहीं बता सकते। यह सबकी गलती है।"

इतना ही नहीं हफीज ने भारत के ख़िलाफ़ टॉस जीतने पर पहले गेंदबाज़ी करने के फ़ैसले का भी बचाव किया। जबकि उनके देश के प्रधानमंत्री व पूर्व पाकिस्तान कप्तान इमरान ख़ान ने पहले बल्लेबाज़ी करने की सलाह दी थी। जिसको पाक कप्तान सरफराज खान ने नहीं माना था और भारत के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। जिसके बाद से सरफराज को इस मुद्दे पर लोगो ने सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया था।

जिस पर हफीज ने कहा, "यह एक टीम का फ़ैसला था और यह फ़ैसला किसी के ट्वीट के आधार पर नहीं लिया जा सकता। हमने अच्छी गेंदबाज़ी नहीं की इसलिए हार का सामना करना पड़ा।"

पाकिस्तान को अपने अगले मैच में रविवार को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ना है। इसके बाद वह 26 जून को न्यूजीलैंड, 29 जून को अफगानिस्तान और पांच जुलाई को बांग्लादेश से भिड़ेगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल