1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे और इशांत शर्मा समेत भारत के 7 टेस्ट खिलाड़ी खेलेंगे काउंटी क्रिकेट, बीसीसीआई जल्द करेगा ऐलान

पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे और इशांत शर्मा समेत भारत के 7 टेस्ट खिलाड़ी खेलेंगे काउंटी क्रिकेट, बीसीसीआई जल्द करेगा ऐलान

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 19, 2019 06:40 pm IST,  Updated : Apr 19, 2019 06:43 pm IST

बीसीसीआई काउंटी क्रिकेट के लिए जिन खिलाड़ियों के नामों पर विचार कर रहा है उनमें चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, पृथ्वी शॉ, हनुमा विहारी, मयंक अग्रवाल, रविचंद्रन अश्विन और इशांत शर्मा शामिल हैं।

भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम - India TV Hindi
भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम  Image Source : GETTY IMAGE

नई दिल्ली। भारत के सात टेस्ट विशेषज्ञ पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत से पूर्व इंग्लैंड की विभिन्न काउंटी टीमों की ओर से कुछ मैच खेल सकते हैं। 

बीसीसीआई काउंटी क्रिकेट के लिए जिन खिलाड़ियों के नामों पर विचार कर रहा है उनमें चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, पृथ्वी शॉ, हनुमा विहारी, मयंक अग्रवाल, रविचंद्रन अश्विन और इशांत शर्मा शामिल हैं। 
पुजारा का पहले ही यार्कशर से तीन साल का करार है और वह दोबारा इस टीम की ओर से खेलने को तैयार हैं। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को पीटीआई से कहा, ‘‘पुजारा का अनुबंध उनके और काउंटी के बीच करार है और यह लंबे समय का अनुबंध है।’’ 
जहां तक रहाणे का सवाल है तो उनके आगामी हफ्ते में हैंपशर के साथ करार करने की उम्मीद है और उन्हें प्रशासकों की समिति के तीनों सदस्यों की स्वीकृति का इंतजार है। 
अधिकारी ने कहा, ‘‘सीओए प्रमुख विनोद राय पहले ही स्वीकृति दे चुके हैं लेकिन डायना एडुल्जी और लेफ्टिनेंट जनरल रवि थोडागे ने अब तक स्वीकृति नहीं दी है।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘भारत को विश्व कप खत्म होने के लगभग एक पखवाड़े के बाद वेस्टइंडीज से खेलना है और बीसीसीआई ने प्रस्ताव तैयार किया है जिसके अनुसार उनके टेस्ट विशेषज्ञ जून से जुलाई के मध्य तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल सकते हैं।’’ 
बीसीसीआई जिन काउंटी टीमों से बात कर रहा है उनमें लीसेस्टरशर, एसेक्स और नाटिंघमशर भी शामिल हैं। 
अधिकारी ने कहा, ‘‘इंग्लैंड में पिछली टेस्ट श्रृंखला के दौरान बीसीसीआई ने सभी बड़ी काउंटी टीमों के सीईओ से बात की थी जिससे कि हमारे शीर्ष टेस्ट खिलाड़ी गर्मियों में वहां खेल सकें।’’ 
आदर्श स्थिति में बीसीसीआई अपने खिलाड़ियों के लिए वेस्टइंडीज श्रृंखला से पूर्व तीन से चार प्रथम श्रेणी मैचों की संभावना तलाश रहा है। 
उन्होंने कहा, ‘‘हालात पूरी तरह से अलग होंगे, सिर्फ यही समानता होगी कि वे लाल ड्यूक गेंद से खेलेंगे जो वेस्टइंडीज में भी इस्तेमाल होगी। बस उन्हें सिर्फ मैच खेलने का मौका मिलेगा। हमें उम्मीद है कि हमारे सभी सात टेस्ट खिलाड़ी इंग्लिश काउंटी में प्रथम या द्वितीय डिविजन में खेलेंगे। ’’                                                                                                                                                   भारतीय कप्तान विराट कोहली को भी पिछले साल सरे की ओर से खेलना था लेकिन वह चोटिल हो गए थे।

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल